लखनऊ

Barabanki Road Accident: बाराबंकी में कार और ट्रक के बीच जोरदार भिडंत, चार लोगों की मौत, CM योगी ने जताया दुख

Barabanki Road Accident: यूपी के बाराबंकी जिले में एक कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

बाराबंकी में कार और ट्रक के बीच जोरदार भिडंत

Barabanki Road Accident: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां सोमवार को एक ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है और तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कार और ट्रक की टक्कर में चार की मौत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह सड़क दुर्घटना बाराबंकी के रामनगर की है। एक अर्टिगा कार में सवार होकर लोग कानपुर से गोंडा जा रहे थे, तभी ट्रक और अर्टिगा में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में तीन पुरुष और एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल हुए बच्चों में एक की उम्र 10 वर्ष और एक की उम्र 9 वर्ष है। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

सीएम योगी ने जताया दुख

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे पर दुख जताया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया, "सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद बाराबंकी में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।"

दो दिन पहले भी हुआ था एक भीषण सड़क हादसा

31 मई को यूपी के बुलंदशहर में एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। बुलंदशहर के नेशनल हाईवे पर इको और ट्रैक्टर ट्रॉली की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें इको सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले, हरदोई में 31 मई को शादी से लौट रही बारातियों की कार खाई में गिर गई थी। इस हादसे में मासूम सहित पांच की मौत हो गई और छह घायल हो गए थे।

मामला हरदोई जिले के मझिला थाना क्षेत्र के गांव कुसुमा का है। पाली थाना क्षेत्र के पटिया नीम निवासी नीरज पुत्र राम सेवक की बारात मझिला थाना क्षेत्र के कुसुमा गांव गई थी। शादी संपन्न के बाद बारात वापस लौट रही थी, तभी एक कार कुसुमा गांव के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार एक मासूम बच्चे समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

(इनपुट -आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!