लखनऊ

Amroha News: बदमाशों का बारात पर हमला, दूल्हे को बग्गी से खींचकर किया लहूलुहान; देखें Video

घटना उत्तर प्रदेश के अमरोहा की है और बहुत ही दर्दनाक है। कितने सपने सजाकर दूल्हा बग्गी पर चढ़ा और कुछ बदमाशों ने बड़ी बेरहमी से उसे बग्गी से उतारकर लहूलुहान कर दिया। पुलिस भी मौके पर आई और दूल्हे का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज करवाकर सुबह 4 बजे फेरे करवाए गए।

Image

अमरोहा में बदमाशों में बग्गी पर चढ़कर दूल्हे को पीटा

उत्तर प्रदेश में अमरोहा जिले के थाना सैदनंगली क्षेत्र में गुरुवार रात एक शादी समारोह में एक चौंकाने वाली वाली घटना घटी। यहां पर ऊपर वाला तरारा गांव निवासी आकाश की बारात निकली ही थी कि अचानक 12 से ज्यादा हथियारबंद हमलावर वहां पहुंच गए। साइकिल की चेन, लोहे के कड़े और चाकू से लैस इन बदमाशों ने बग्गी पर बैठे दूल्हे आकाश को नीचे खींच लिया और बेरहमी से पीटने लगे।

इस हमले में दूल्हे आकाश का सिर फट गया और बदमाशों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए। अचानक हुए इस हमले से बारात में अफरातफरी मच गई। इससे पहले कि बाराती कुछ समझ पाते, हमलावर दूल्हे को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घायल दूल्हे को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दूल्हे के पिता वीर सिंह के अनुसार यह हमला पूर्व नियोजित था। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले ही गांव का एक युवक बारात में बवाल करने की धमकी देकर गया था। उधर, दूल्हे के भाई पवन कुमार ने बताया कि दूल्हे आकाश का गांव के ही एक युवक से विवाद हुआ था। मामले को शांत करा दिया गया था, लेकिन उसने चुनौती दी थी कि बारात नहीं चढ़ने देगा।

घटना के बारे में बताते हुए दूल्हे आकाश ने कहा कि वह बग्गी पर बैठा था, तभी 15-16 लड़के चढ़ आए और मारपीट करने लगे। हमलावर पहचान में नहीं आ पाए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे दूल्हा-दुल्हन के फेरे संपन्न कराए गए।

थानाध्यक्ष सैदनंगली विकास सेहरावत के अनुसार दूल्हे की शिकायत पर जसवंत, पवन और जसवीर सभी पुत्र अमर सिंह निवासी तरारा और 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article