UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में सर्दी और कोहरे की आगोश में आ चुका है। आने वाले दिनों में यूपी में और ठंड बढ़ने वाली है। प्रदेश के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कई जिलों का तापमान 11 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। वहीं बहुत से जिलों का अधिकतम तापमान भी 30 डिग्री से नीचे आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 2-3 दिनों में यूपी के मध्य और पूर्वी भाग में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। साथ ही न्यूनतम तापमान के लुढ़कने के भी आसार हैं। आज यूपी के 25 से ज्यादा जिलों में सुबह और देर रात को घना कोहरा दिखाई दे सकता है।
इन जिलों में छाएगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में आज घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को अयोध्या, गाजीपुर, गोरखपुर, संतकबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सिद्धार्थनगर, अम्बेडकर नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया और बस्ती में घना कोहरा होने की संभावना है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा भी छंट जाएगा। 21 से 25 नवंबर तक यूपी में कहीं-कहीं पर छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। इस दौरान मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
मुजफ्फरनगर-गाजीपुर में रहा सबसे कम पारा
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान प्रयागराज में 32 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं गाजीपुर और मुजफ्फरनगर का न्यूनतम तापमान घटकर 11.5 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ है। मंगलवार को मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार आगरा का अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री, बुलंदशहर का 24 डिग्री, मुजफ्फरनगर का 22 डिग्री, बरेली का 23.3 डिग्री, बहराइच का 29 डिग्री, फतेहपुर का 29.6 डिग्री, गाजीपुर का 28.5 डिग्री, चुर्क का 28.8 डिग्री और कानपुर सिटी का 29.8 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान मेरठ का 11.6 डिग्री, हरदोई का 16 डिग्री, चुर्क का 13 डिग्री, इटावा का 12.6 डिग्री, झांसी का 14.7 डिग्री, आगरा का 14 डिग्री, प्रयागराज का 15.8 डिग्री, वाराणसी का 14.5 डिग्री और अयोध्या का 12 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
