UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में धीरे-धीरे ठंड का एहसास बढ़ रहा है। साथ ही तापमान में भी लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार पछुआ हवाओं की वजह से ठंड का असर नजर आ रहा है। आने वाले दो दिनों में तापमान में और कमी आने का अनुमान है। यूपी में सर्दी बढ़ने के साथ ही कई इलाकों में घना कोहरा भी छाने लगा है। सोमवार को पश्चिमी यूपी के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। सर्दी शुरू होने के साथ प्रदेश में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। फिलहाल कई शहरों की हवा खराब श्रेणी में दर्ज हो रही है।
आज यूपी के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है। इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं पर सुबह के समय छिछला से मध्यम कोहरा छा सकता है। उत्तर प्रदेश में दो दिन बाद तापमान और घटने की संभावना है। दरअसल जम्मू कश्मीर पर एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते बारिश होने की संभावना है। जिसका असर यूपी के मौसम में भी दिख सकता है। जिससे दो दिन बाद हवा की रफ्तार बढ़ेगी साथ ही तापमान भी कम हो सकता है।
नजीबाबाद में रहा सबसे कम तापमान
शनिवार को यूपी में सबसे कम तापमान नजीबाबाद में दर्ज किया गया। यहां का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा चुर्क में 13.2 डिग्री, अयोध्या में 13.5 डिग्री, कानपुर शहर में 13.7 डिग्री, बरेली में 14.1 डिग्री, गोरखपुर में 14 डिग्री, गाजीपुर में 14.5 डिग्री, बहराइच में 14 डिग्री और फुरसतगंज में 14.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान के साथ ही अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान और कम होगा।
लखनऊ में बढ़ा प्रदूषण
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार यूपी की राजधानी लखनऊ में शनिवार को एक्यूआई 265 दर्ज हुआ। यह खराब की श्रेणी में माना जाता है। बढ़े प्रदूषण के कारण लखनऊ में शनिवार को दिनभर स्मॉग की स्थिति देखने को मिली। इस दौरान दो इलाकों का एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी में दर्ज हुआ। अलीगंज और लालबांग का एक्यूआई 333 रहा, वहीं तालकटोरा में एक्यूआई 302, बीबीएयू में 202, कुकरैल में 174 और गोमतीनगर में 210 दर्ज हुआ।
