UP Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश में ठंड धीरे-धीरे दस्तक देने लगी है। रात का मौसम काफी हद तक बदल गया है। प्रदेश में तड़के सुबह रात में हल्की ठंडक महसूस हो रही है। हालांकि दिन में अभी भी तेज धूप निकलने की वजह से गर्मी का अहसास हो रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि दिवाली से पहले यूपी का मौसम करीब पूरी तरह से बदल सकता है और ठंडक का असर भी बढ़ने के आसार हैं। फिलहाल रात के समय तापमान में भी कमी देखने को मिल रही है। यूपी का मौसम अभी कुछ दिन दिन ऐसा ही बना रह सकता है।
यूपी में आज शुष्क रहेगा मौसम
अगले 24 घंटे में यूपी के मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं भी बारिश होने की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। प्रदेश में करीब एक हफ्ते तक कहीं भी किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिन गुजरने के साथ ही तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। आगामी दिनों में रात के समय धीरे-धीरे ठंड बढ़ने के आसार हैं।
20 डिग्री से नीचे कई जिलों का तापमान
यूपी के कई जिलों में मंगलवार को न्यूनतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। कई जिलों का तापमान 20 डिग्री से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया है। इनमें मेरठ, बरेली, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर और नजीबाबाद जैसे कई जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में सबस कम न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मुजफ्फरनगर में 18.6 डिग्री, बरेली में 18.9 डिग्री, मेरठ में 19 डिग्री, शाहजहांपुर में 19.6 डिग्री और अलीगढ़ में 19.8 डिग्री तापमान रहा। वहीं हमीरपुर और बस्ती जिले में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
