शहर

बनकर तैयार है National Expressway 6! दो बड़े शहरों की घंटों की दूरी मिनटों में होगी तय, देखें Video

NE6 बनकर लगभग तैयार है। इसके शुरू होने से उत्तर प्रदेश के दो बड़े शहरों के बीच यात्रा का समय एक घंटे से भी कम रह जाएगा। इसके साथ ही कनेक्टिविटी और रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे।

Image

जल्द ही आम जनता के लिए खुल सकता है नेशनल एक्सप्रेसवे 6 (Photo - x.com/DetoxTravellerr)

देश को रफ्तार देने और रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने के लिए एक के बाद एक एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं। देश के सबसे लंबे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से लेकर उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफरल एक्सप्रेसवे, समृद्धि एक्सप्रेसवे, दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, शामली-अंबाला एक्सप्रेसवे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे देश को नई रफ्तार दे रहे हैं। एक और एक्सप्रेसवे है जो उत्तर प्रदेश के दो सबसे बड़े शहरों को आपस में जोड़ने के लिए बनाया जा रहा है। नवाबों के शहर लखनऊ को बड़े इंडस्ट्रियल हब कानपुर से जोड़ने के लिए बनाए जा रहे इस 63 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का काम कहां तक पहुंचा चलिए जानते हैं -

एक्सप्रेसवे का नाम

जिस तरह से नेशनल हाईवेज को नाम दिया जाता है (NH24, NH1, NH27) उसी तरह से एक्सप्रेसवे का भी नामकरण होता है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को National Expressway 6 (NE6) नाम दिया गया है। इस एक्सप्रेसवे के आम जनता के लिए खुल जाने के बाद दोनों शहरों के बीच की दूरी जिसे अभी तय करने में कई घंटे लग जाते हैं, वह एक घंटे से कम समय में तय हो जाएगी।

दो पैकेजेस में बनाया जा रहा एक्सप्रेसवे

प्रदेश की राजधानी लखनऊ और औद्योगिक नगरी कानपुर को जोड़ने वाला 63 किमी लंबा यह एक्स्प्रेसवे वे 6 लेन चौड़ा है। एक्सप्रेसवे का काम दो सिविल पैकेजेस में किया जा रहा है। इनमें से पहला पैकेज 17.52 किलोमीटर का ब्राउन फील्ड है, जबकि दूसरा 45.24 किमी का पैकेज पूरी तरह से ग्रीनफील्ड अलाइनमेंट है।

National Expressway 6 Lucknow

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के ब्राउनफील्ड का काम लगभग पूरा (Photo - x.com/DetoxTravellerr)

कहां से शुरू हो रहा नेशनल एक्सप्रेसवे 6

नेशनल एक्सप्रेसवे 6 यानी Lucknow Kanpur Expressway की शुरुआत नवाबों की नगरी में अमोसी मेट्रो स्टेशन से होती है। यह ब्राउनफील्ड हिस्सा है, जो अमोसी मेट्रो स्टेशन से बनी तक जाता है। इसके तहत मौजूदा नेशनल हाईवे 27 को ही अपग्रेड किया जा रहा है। इस ब्राउनफील्ड हिस्से में दो एलिवेटेड सेक्शन भी बनाए जा रहे हैं।

NH27 पर कहां-कहां हैं एलिवेटेड सेक्शन

NH27 के जिस ब्राउफील्ड हिस्से को अपग्रेड किया जा रहा है, उसमें दो एलिवेटेड हिस्से हैं। इनमें से पहला एलिवेटेड हिस्सा 3.37 किमी लंबा है, जो पूरी तरह से तैयार भी हो चुका है। फिलहाल इस हिस्से को ट्रायल के लिए खोला भी जा चुका है। इसी लगभग 17 किमी के हिस्से में एक और एलिवेटेड हिस्सा है, जिसकी लंबाई 9.14 किमी है और पूरी तरह से तैयार भी हो चुका है। दूसरे एलिवेटेड हिस्से पर सिर्फ बंथरा-सिकंदरपुर में बन रहे एंट्री-एग्जिट रैम की अप्रोच रोड का ही काम बचा हुआ है।

NE 6 पर इंटरचेंज कहां-कहां हैं?

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के ब्राउनफील्ड हिस्से में पहला एलिवेटेड सेक्शन खत्म होते ही लखनऊ रिंग रोड के साथ कनेक्टिविटी के लिए क्लोवरलीफ इंटरचेंज का भी निर्माण किया जा रहा है। एक्सप्रेसवे के ग्रीनफील्ड हिस्से में भी फिलहाल दो इंटरचेंज बनाए गए हैं। इसमें पहला इंटरचेंज उन्नाव के पास उन्नाव-रायबरेली हाईवे के साथ है। जबकि दूसरा इंटरचेंज कानपुर में एक्सप्रेसवे के अंतिम छोर पर नेशनल हाईवे 27 के साथ आजाद मार्ग चौराहे के पास बनाया गया है। इस एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी निर्माणाधीन कानपुर रिंग रोड और गंगा एक्सप्रेसवे के साथ भी जोड़ा जाएगा।

National Expressway 6 greenfiled

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के ग्रीनफील्ड का काम हो चुका है पूरा (Photo - x.com/DetoxTravellerr)

NE6 पर 45.24 किमी के ग्रीनफील्ड हिस्से की प्रोग्रेस क्या है?

लखनऊ की तरफ से बनी के पास से यह एक्सप्रेसवे अपने ग्रीनफील्ड अलाइनमेंट पर चला जाता है। बनी में यह NH27 से अलग होकर 45.24 किमी तक ग्रीनफील्ड बनाया गया है और पूरी तरह से तैयार भी हो चुका है। इसके बाद कानपुर में यह आजाद मार्ग चौराहे के पास एक बार फिर NH27 से मिल जाता है। इसी ग्रीनफील्ड हिस्से में सुरक्षा और निगरानी के लिए एक ATMS Control Center बनाया गया है और दोनों तरफ एक-एक वे-साइड एमेनिटीज यानी यात्री सुविधाएं भी बनाई जा रही हैं, यहां पर यात्री खान-पान के साथ कुछ देर विश्राम भी कर पाएंगे।

देखें वीडियो

यह एक्सप्रेसवे अब लगभग पूरी तरह से बनकर तैयार है। प्रोग्रेस को देखते हुए कहा जा सकता है कि इसे जल्द ही पूरी तरह से जनता के लिए खोला जा सकता है। इस एक्सप्रेसवे के खुल जाने से न सिर्फ उद्योगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मुहैया होगी, बल्कि आम जनता के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

FAQs

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे (NE6) की लंबाई कितनी है?

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे लगभग 63 किलोमीटर लंबा है, जो प्रदेश के दो बड़े शहरों लखनऊ और कानपुर को जोड़ता है।

लखनऊ से कानपुर तक सफर में कितना समय लगेगा?

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की वर्तमान स्थिति क्या है?

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को कैसे विभाजित किया गया है?

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के मुख्य फायदे क्या होंगे?

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article