शहर

LPG की अफवाह से मचा हड़कंप, एजेंसी के बाहर लंबी कतार; पुलिस बोली- कानपुर में गैस की कोई कमी नहीं

कानपुर के नजीराबाद थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाहों के बाद एक गैस एजेंसी पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस हालात को संभालने के लिए मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है। साथ ही अफवाह फैलाने और कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

Kanpur LPG Crisis: कानपुर में गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाहों के बीच गुरुवार को एक गैस एजेंसी पर बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए। अचानक उमड़ी भीड़ की वजह से वहां अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। जिसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में गैस वितरण हुआ।

नजीराबाद में गैस एजेंसी पर अफरातफरी

यह घटना नजीराबाद थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार भागवत गैस एजेंसी के दो वितरण केंद्र हैं। जिनमें एक जेके मंदिर और दूसरा चुन्नीगंज के पास स्थित हैं। आज जेके मंदिर के पास सिलेंडर वितरण के लिए एक गाड़ी आई थी। जहां चुन्नीगंज के उपभोक्ता भी सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए। दो वितरण केंद्रों के उपभोक्ताओं के एक ही स्थान पर पहुंचने के कारण यहां भारी भीड़ हो गई। देखते ही देखते लोगों की लंबी कतार लग गई और भीड़ बढ़ती चली गई।

पैनिक बाइंग से बचें - पुलिस

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने वहां मौजूद लोगों को समझाया और उन्हें आश्वासन दिया कि शहर में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। इसलिए उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। जिसके बाद पुलिस और एजेंसी कर्मचारियों के सहयोग से लोगों को व्यवस्थित तरीके से लाइन में लगाया गया। जिसके बाद सुचारू रूप से सिलेंडर वितरण की प्रक्रिया को शुरू किया गया और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई।

गैस किल्लत की खबरों पर पुलिस का बड़ा बयान

पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है, साथ ही पैनिक बाइंग से बचने को भी कहा है। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि गैस सिलेंडर की कमी को लेकर अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि शहर में गैस की सप्लाई बिल्कुल सामान्य है और लोगों को किसी भी तरह की घबराहट में अधिक सिलेंडर खरीदने की जरूरत नहीं है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article