LPG Crisis: नोएडा और गाजियाबाद में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत के चलते लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सिलेंडर पाने के लिए लोगों को आधा किलोमीटर तक लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है। नोएडा के सेक्टर-5 के हरौला में गैस एजेंसी के बाहर आज भी सैंकड़ों लोग खाली सिलेंडर के साथ लंबी लाइन में नजर आए। कुछ लोग यहां सुबह 2 बजे से ही कतार में लगे हुए हैं, लेकिन इतने लंबे इंतजार के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। कई लोगों की गैस खत्म होने के कारण उनके घरों में खाना तक नहीं बन पा रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ रही है।
दरअसल मिडिल ईस्ट में ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी युद्ध का असर अब भारत पर भी नजर आने लगा है। इसके चलते एलपीजी सप्लाई प्रभावित हो रही है। फिलहाल कुवैत से होने वाला गैस आयात प्रभावित बताया जा रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव की स्थिति जारी है, जिसके कारण भारत के गैस आयात में लगभग 40 प्रतिशत तक गिरावट आई है। जिससे देश के कई शहरों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई अस्थाई तौर पर रोक दी गई है। ऐसे में सबसे ज्यादा दिक्कत होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों को हो रही है।
नोएडा-गाजियाबाद में गैस एजेंसी के बाहर लंबी कतार
नोएडा में गुरुवार को भी गैस एजेंसियों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी लाइन लग रही है। उनका कहना है कि सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग न होने के कारण उन्हें एजेंसी जाकर बुकिंग करानी पड़ रही है, इसके बावजूद उन्हें तुरंत सिलेंडर नहीं मिल रहा है। वहीं गाजियाबाद के विजयनगर निवासी विजय कुमार ने बताया कि वह तीन दिनों से ऑनलाइन गैस बुकिंग करने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन हर बार बुकिंग रिजेक्ट हो रही थी। जिसके बाद उन्हें मजबूर होकर बुधवार सुबह छह बजे खाली सिलिंडर लेकर एजेंसी के बाहर लाइन में लगना पड़ा। वहीं एजेंसी संचालकों का कहना है कि फिलहाल गैस की सप्लाई सीमित है और जैसे ही स्टॉक आएगा, उसी के अनुसार सिलेंडर लोगों को दिए जाएंगे।
गैस की कमी से परेशान लोग
गैस एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े कई लोगों ने बताया कि उनके घर में गैस खत्म होने के कारण खाना भी नहीं बन रहा। जिसके कारण बच्चों को स्कूल भेजना भी मुश्किल हो रहा है। कुछ महिलाएं तो अपनी परेशानी बताते-बताते हुए भावुक हो गईं। हालांकि सरकार की ओर से दावा किया जा रहा है कि बुकिंग के ढाई दिन के अंदर सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे पैनिक बुकिंग न करें। इसके बावजूद नोएडा में गैस एजेंसियों के बाहर सैकड़ों लोग सिलेंडर के इंतजार में खड़े नजर आ रहे हैं।
