कोलकाता

पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया तेज; 2 दिनों में बांटे गए 1 करोड़ से अधिक फॉर्म; 23 साल बाद होगा वोटर लिस्ट में बड़ा बदलाव

पश्चिम बंगाल में 23 साल बाद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू हुई है। दो दिनों में 1 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्र यानी इनूमरेशन फॉर्म बांटे जा चुके हैं। इसको लेकर 294 विधानसभा क्षेत्रों में 80 से अधिक BLO तैनात किए गए हैं।

Image

बंगाल में दो दिनों में बांटे गए 1 करोड़ से अधिक गणना प्रपत्र (सांकेतिक तस्वीर | PTI)

Photo : PTI

SIR in West Bengal: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR (Special Intensive Revision) की प्रक्रिया 23 साल बाद शुरू हुई है। 2002 के बाद पहली बार राज्य भर में वोटरों की लिस्ट में इस तरह का बदलाव की कवायद देखी जा रही है। मंगलवार से शुरू हुए इस अभियान के दूसरे ही दिन, बुधवार रात 8 बजे तक पूरे राज्य में 1.10 करोड़ से अधिक गणना के लिए फॉर्म (Enumeration Forms) बांटे जा चुके हैं। यह अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा।

80 हजार से अधिक BLO तैनात

चुनाव आयोग के अनुसार, SIR प्रक्रिया के तहत राज्य के 294 विधानसभा क्षेत्रों में 80,681 बूथ स्तर के अधिकारी (BLO) तैनात किए गए हैं। अब तक 7.66 करोड़ से अधिक फॉर्म तैयार हो चुके हैं। प्रत्येक मतदाता को दो फॉर्म दिए जाएंगे। BLO दोनों प्रतियों पर काउंटरसाइन करेंगे, एक फॉर्म आयोग के रिकॉर्ड के लिए रहेगा और दूसरी मोहर लगी स्वीकृति के साथ मतदाता को दी जाएगी ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल किया जा सके।

पहले दिन कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं

चुनाव आयोग के अधिकारी ने बताया कि पहले दिन कहीं से कोई अप्रिय घटना रिपोर्ट नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि किसी BLO को किसी क्षेत्र में प्रतिरोध या बाधा का सामना करना पड़े, तो उस क्षेत्र के जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) को तुरंत जांच के निर्देश होते हैं।

EC अधिकारियों का निरीक्षण दौरा

इसी बीच चुनाव आयोग के प्रमुख सचिव एस.बी. जोशी और उप सचिव अभिनव अग्रवाल SIR के निरीक्षण के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे हैं। वे कोचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी जिलों में BLOs और ROs के कामकाज की समीक्षा करेंगे। CEO कार्यालय के अधिकारी भी समीक्षा बैठकों में मौजूद रहेंगे। अधिकारी आज यानी गुरुवार सुबह अलीपुरद्वार में फील्ड विजिट करेंगे, गुरुवार दोपहर कूचबिहार का दौरा करेंगे और कल, यानी शुक्रवार को जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग के कुछ हिस्सों में निरीक्षण करेंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!