शहर

Mumbai: मीरा-भायंदर में सुरक्षा गार्डों पर हमला, 'लोन वुल्फ अटैक' का एंगल भी खंगाल रही ATS

मुंबई के मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र के नया नगर इलाके में सुरक्षा गार्डों पर हुए चाकू हमले से हड़कंप मच गया। इस हमले में दो गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को डेढ़ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

Image

मुंबई में सिक्योरिटी गार्डों पर चाकू से हमला (सांकेतिक फोटो)

Mumbai News: मुंबई के मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र के नया नगर इलाके में सुरक्षा गार्डों पर चाकू से हमला होने की घटना से सनसनी फैल गई। इस हमले में दो सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को करीब डेढ़ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी आगे की जांच महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) को सौंप दी गई है।

'लोन वुल्फ अटैक' के एंगल से भी जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी का जन्म मुंबई के कुर्ला इलाके में हुआ था। वह पिछले कुछ सालों से मीरा रोड में अकेला रहता था। साल 2000 में वह पढ़ाई के लिए अमेरिका गया था और 2019 में भारत लौटा था। एटीएस को शक है कि आरोपी का ब्रेनवाश किया गया है। जांच एजेंसी इसे 'लोन वुल्फ अटैक' के एंगल से भी तफ्तीश कर रही है। इसके अलावा आरोपी के मानसिक, सामाजिक और आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है। घटना से आक्रोशित हिंदू संगठनों ने नया नगर पुलिस थाने के बाहर अपना विरोध प्रदर्शन किया।

दो गार्ड गंभीर रूप से घायल

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सोमवार (27 अप्रैल) की तड़के लगभग 4 बजे मीरा रोड ईस्ट स्थित नया नगर के एरिस्टा ग्रैंड मेंशन (वॉकहार्ट अस्पताल के पीछे) में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान वहां सुरक्षा गार्ड के रूप में तैनात राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो रमेश सेन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए।

महज डेढ़ घंटे के अंदर हुई गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही नया नगर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए वॉकहार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान जैब जुबेर अंसारी (31 वर्ष) के रूप में की। इसके बाद तलाशी अभियान चलाते हुए पुलिस ने उसे महज डेढ़ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

हर पहलू से गहन जांच जारी

इस मामले में नया नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 118(2) और 196(1) के तहत केस दर्ज किया गया है। घटना की गंभीरता और संभावित प्रभाव को देखते हुए इसकी आगे की जांच महाराष्ट्र एटीएस (ATS), मुंबई को सौंप दी गई है। फिलहाल मामले की हर पहलू से गहन जांच जारी है। घटना के बाद मीरा-भायंदर इलाके में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। इस वारदात से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल देखने को मिल रहा है।

Rakesh Kamal Trivedi
राकेश त्रिवेदीauthor

20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ टीवी पत्रकारिता में सक्रिय, वर्तमान में TIMES NOW नवभारत में न्यूज़ एडिटर। क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज़्म में मजबूत पकड़ के साथ महाराष्ट्र की राजनीति और हाई-इम्पैक्ट राष्ट्रीय खबरों पर गहरी नज़र। डेटा-ड्रिवन रिसर्च, निर्भीक सवाल, ऑन-ग्राउंड एक्सपीरियंस और बेबाक विश्लेषण का संतुलित मिश्रण उनकी शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article