शहर

Jammu Kashmir News: किश्तवाड़ में बड़ा हादसा; बेकाबू स्कॉर्पियो चिनाब नदी में समाई, 5 की दर्दनाक मौत

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने मातम पसरा दिया। दाचन इलाके में एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर चिनाब नदी में जा गिरी, जिससे वाहन में सवार पांच लोगों की जान चली गई।

Image

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भीषण सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Kishtwar Road Accident: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। दाचन इलाके के यावन क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और चिनाब नदी में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना के बाद राहत और बचाव अभियान चलाकर अब तक पांच शव बरामद किए जा चुके हैं।

बरामद शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे और नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, बरामद शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, हादसे के समय वाहन में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की जांच भी शुरू कर दी है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जताया हादसे पर दुख

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से फोन पर बात की और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वाहन में सवार सभी पांच यात्रियों की मौके पर ही जान चली गई। केंद्रीय मंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पांच लोगों की मौत की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने जिला प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने भी हादसे पर संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवारों की मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को इस कठिन समय में हिम्मत मिलने की प्रार्थना की।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article