बांग्लादेश की राजनीति एक बार फिर बड़े मोड़ पर खड़ी है। अगस्त 2024 में तख्तापलट के बाद से भारत में निर्वासन झेल रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने ढाका सरकार से अपनी वापसी के लिए 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' का विमान भेजने की मांग की है। इस एक ऐलान ने बांग्लादेश के मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सरकार के सामने अब तक की सबसे बड़ी राजनीतिक और कूटनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है। शेख हसीना ने 16 दिसंबर को ही वापसी का दिन क्यों चुना, इससे तारिक रहमान की कितनी बढे़ंगी चुनौतियां? विस्तार से जानने की कोशिश करते हैं।
हसीना ने वापसी के लिए 16 दिसंबर ही क्यों चुना?
शेख हसीना का 16 दिसंबर चुनना महज संयोग नहीं, बल्कि एक सोची-समझी सियासी रणनीति है। 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान की सेना ने आत्मसमर्पण किया था और बांग्लादेश एक स्वतंत्र राष्ट्र बना था, जिसका नेतृत्व हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान ने किया था। बांग्लादेश में 16 दिसंबर को विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। विजय दिवस के दिन वापसी का ऐलान कर हसीना खुद को बांग्लादेश की आजादी की विरासत से जोड़कर भावनात्मक समर्थन जुटाना चाहती हैं। शेख हसीना 16 दिसंबर को सरकारी प्लेन से वापस लोटना चाहती हैं, इसी दिन मुक्ति युद्ध खत्म हुआ था।
तारिक रहमान हुए एक्टिव, NCP नेताओं से की मुलाकात
शेख हसीना की वापसी के ऐलान से बांग्लादेश में हलचल मची हुई है। पीएम तारिक रहमान ने NCP नेताओं से मुलाकात की है। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब बांग्लादेश के कई इलाकों में बम धमाके, आगजनी और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे देश में तनाव का माहौल बना हुआ है। NCP के संयोजक नाहिद इस्लाम के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने ढाका में प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की। यह बैठक करीब 40 मिनट तक चली। इसमें पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता महदी अमीन ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक और तानाशाही विरोधी ताकतें एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि देश को अस्थिर करने की कोशिशों का मिलकर मुकाबला किया जाएगा। वहीं, नाहिद इस्लाम ने कहा कि उनकी पार्टी सिर्फ बातचीत नहीं चाहती, बल्कि सरकार से ठोस कदम उठाने की उम्मीद करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और राजनीतिक बातचीत जारी रहनी चाहिए। बता दें कि NCP का गठन 2024 में शेख हसीना सरकार के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन के बाद हुआ था। हसीना की दिसंबर में वापसी की योजना और देश में बढ़ती हिंसा के बीच यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।
तारिक रहमान सरकार के सामने क्या हैं बड़ी चुनौतियां?
बांग्लादेश की कमान संभाल रहे पीएम तारिक रहमान (जो खुद हसीना के शासनकाल में वर्षों तक लंदन में निर्वासित रहे) उनके लिए यह स्थिति 'आगे कुआं, पीछे खाई' जैसी बन गई है। तारिक रहमान पर देश के उन छात्र नेताओं (जैसे नाहिद इस्लाम) और कट्टरपंथी धड़ों का भारी दबाव है जो हसीना को किसी भी कीमत पर फांसी या उम्रकैद की सजा दिलाना चाहते हैं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश की युद्ध अपराध अदालत हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुना भी चुकी है। हसीना के पासपोर्ट मांगने और वापसी की खबरों के बीच ही अवामी लीग (जिस पर अप्रैल 2026 से कानूनी प्रतिबंध लगा है) के समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। गोपालगंज से लेकर ढाका तक आगजनी और हिंसक झड़पें शुरू हो गई हैं। अगर हसीना ढाका उतरती हैं, तो देश में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़क सकती है।
तारिक रहमान के पास क्या हैं 3 प्रमुख विकल्प?
1.तकनीकी अड़चन लगाकर वापसी रोकना
तारिक रहमान सरकार पहले ही हसीना का नया पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड जारी करने से इनकार कर चुकी है। सरकार विमान भेजने की मांग को भी खारिज कर सकती है। बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के हसीना का भारत से ढाका जाना व्यावहारिक रूप से लगभग नामुमकिन होगा। इससे तारिक सरकार बिना किसी टकराव के हसीना को बाहर ही रोक सकती है।
2.एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी और जेल
बांग्लादेश के एक मंत्री पहले ही साफ कर चुके हैं कि अगर हसीना किसी भी तरह बांग्लादेश की सीमा में दाखिल होती हैं, तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा और कानून अपना काम करेगा। हालांकि, हसीना को जेल में डालना तारिक रहमान के लिए जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि इससे हसीना को 'राजनीतिक शहादत' और जनता की सहानुभूति मिल सकती है, जिससे अवामी लीग को फिर से जिंदा होने का मौका मिल जाएगा।
3.नए सिरे से निष्पक्ष मुकदमे का रास्ता
कूटनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि अगर हसीना की वापसी होती है, तो अंतरराष्ट्रीय दबाव और भारत की सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए तारिक सरकार उन पर नए सिरे से पारदर्शी मुकदमा चलाने का विकल्प चुन सकती है, ताकि उन पर राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप न लगे।
भारत के लिए इसके क्या मायने हैं?
नई दिल्ली के लिए यह स्थिति बेहद संवेदनशील है। भारत न तो अपनी पुरानी सहयोगी शेख हसीना की जान जोखिम में डालना चाहता है और न ही पड़ोसी देश की नई तारिक रहमान सरकार के साथ रिश्ते पूरी तरह बिगाड़ना चाहता है। हसीना के खुद वापसी की पहल करने से भारत को कूटनीतिक राहत जरूर मिली है, अगर ढाका उन्हें दस्तावेज या विमान देने से मना करता है, तो भारत यह कह सकेगा कि हसीना खुद लौटना चाहती थीं, लेकिन बांग्लादेश सरकार ने ही उन्हें रोका।