Kanpur Kidney Racket: कानपुर में किडनी के अवैध कारोबार का खुलासा होने के बाद इसके तार अब मेरठ से जुड़े नजर आ रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि इस रैकेट का कनेक्शन मेरठ के एक अस्पताल और डॉक्टरों से भी हो सकता है। जिसके बाद मेरठ प्रशासन भी सतर्क हो गया है। सीएमओ ने अस्पताल को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है।
मेरठ के इस अस्पताल का नाम शामिल होने का आरोप
जानकारी के अनुसार, इस मामले में मेरठ के अल्फा हॉस्पिटल का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि अस्पताल से जुड़े डॉक्टर अफजल पर आरोप है कि उन्होंने टेलीग्राम ग्रुप के जरिए किडनी डोनर की तलाश की। जिसके बाद उन्होंने देहरादून में पढ़ रहे बिहार के एक युवक को किडनी देने के लिए करीब 6 लाख रुपये का लालच दिया गया। हालांकि युवक को पूरी रकम नहीं मिली और केवल 3.5 लाख रुपये ही दिए गए। जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और कानपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे रैकेट का भंडाफोड़ किया।
बताया जा रहा है इस मामले में अस्पताल के कुछ अन्य कर्मचारियों और डॉक्टरों के नाम भी सामने आए हैं, जिनमें फिजियोथैरेपिस्ट अमित कुमार, विक्की चौहान, विजय गुप्ता, इनाम, नसीर, परवेज, फरियाद और एक डेंटल डॉक्टर वैभग मुदगल के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मेरठ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अशोक कटारिया ने अस्पताल को नोटिस जारी किया है।
मेरठ CMO ने तीन दिन में अस्पताल से मांगा जवाब
सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन से तीन में इस मामले पर विस्तृत और तथ्यात्मक स्पष्टीकरण की मांग की है। नोटिस में साफ कहा गया है कि अगर मामले में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता या किसी तरह की संलिप्तता पाई जाती है, तो अस्पताल के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल प्रशासन ने खारिज किए सभी आरोप
वहीं, अल्फा अस्पताल के मैनेजर सचिन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि इस मामले को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं और हॉस्पिटल ओनर का नाम गलत तरीके से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस डॉक्टर अफजल का नाम इस मामले में सामने आ रहा है, वह उनके अस्पताल में कार्यरत नहीं है। अस्पताल के मालिक ने भी सभी आरोपों से इनकर किया है। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों इस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
