Kerala: अंतिम चरण में निकाय चुनाव की तैयारियां; दो फेज में होगी वोटिंग, 75,632 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे मतदाता
- Edited by: Nilesh Dwivedi
- Updated Dec 7, 2025, 10:08 PM IST
केरल में निकाय चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं, जहां मतदान दो चरणों में 9 और 11 दिसंबर को होगा। पहले चरण के लिए रविवार शाम प्रचार अभियान समाप्त हो गया है। हजारों उम्मीदवारों की प्रतिस्पर्धा के बीच आयोग ने सभी जिलों में सुचारू मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित की है।
केरल में आखिरी चरण में निकाय चुनाव की तैयारियां (फोटो: Canva)
Kerala Local Body Elections 2025: केरल में निकाय चुनाव को लेकर राज्य चुनाव आयुक्त ए. शाजहान ने जानकारी दी है कि मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 9 दिसंबर और दूसरे चरण का 11 दिसंबर को होगा, जबकि मतगणना 13 दिसंबर को संपन्न होगी। पहले चरण में कुल 11,168 वार्ड और दूसरे चरण में 12,408 वार्डों में मतदान होगा। इस बार कुल 75,643 उम्मीदवार स्थानीय निकाय वार्डों के लिए चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मतदान केंद्रों की व्यवस्था कर दी गई है। ईवीएम और अन्य मतदान सामग्री का वितरण कल से शुरू होगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी उम्मीदवार के खिलाफ डिफेक्शन (दलबदल) साबित होता है, तो वह संबंधित स्थानीय निकाय से अयोग्य घोषित किया जाएगा और अगले 6 वर्षों तक चुनाव लड़ने का अधिकार नहीं होगा। इसके साथ ही, केरल में निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार रविवार शाम को समाप्त हो गया, चुनाव आयोग ने 9 दिसंबर को सात जिलों में मतदान की व्यवस्था की है।
पहले चरण का चुनाव प्रचार ऐसा रहा
प्रथम चरण के मतदान से पहले सात दक्षिणी जिलों में प्रचार का अंतिम दिन बेहद उत्साहपूर्ण रहा। विभिन्न राजनीतिक दलों ने ढोल-नगाड़ियों, नृत्य, रोड शो, बाइक रैली और पैदल मार्च के जरिए माहौल गर्माया। कार्यकर्ता चौराहों पर जुटकर अपने उम्मीदवारों के समर्थन में नारे लगाते और झंडे लहराते दिखाई दिए। कई स्थानों पर उम्मीदवारों ने अर्थमूवर और क्रेन पर खड़े होकर लोगों को संबोधित कर वोट मांगे। तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम में मंगलवार को मतदान होगा, जबकि त्रिशूर, पलक्कड़, कोझीकोड, मलप्पुरम, कन्नूर, वायनाड और कासरगोड के मतदाता 11 दिसंबर को वोट डालेंगे।
1,32,83,789 मतदाता करेंगे फैसला
चुनाव आयोग का कहना है कि दोनों चरणों में राज्य के 23,576 वार्डों में चुनाव लड़ रहे 75,632 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 1,32,83,789 मतदाता करेंगे। सभी 1,199 स्थानीय निकायों के नतीजे 13 दिसंबर को जारी किए जाएंगे। तीनों बड़े राजनीतिक गठबंधनों ने इस चुनाव में अधिकतम सीटें जीतने का भरोसा जताया है। पिछले एलएसजीडी चुनावों की तुलना में इस बार पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी दलों के बीच मुकाबला काफी कड़ा देखा जा रहा है, क्योंकि यह चुनाव आगामी विधानसभा चुनावों से पहले बेहद अहम माने जा रहे हैं। सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले एलडीएफ ने अपने अभियान में सरकार की विकास और कल्याण योजनाओं को प्रमुखता दी, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने सरकार पर भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के आरोपों को मुद्दा बनाया।
राजनीतिक दलों को निर्देश
भाजपा ने अपने चुनाव प्रचार में विकास और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को प्रमुख मुद्दा बनाया और संभावित केंद्रीय समर्थन को भी रेखांकित किया। वहीं, सबरीमाला मंदिर से जुड़े सोना चोरी मामले में माकपा नेता और त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष ए. पद्मकुमार की गिरफ्तारी एलडीएफ के लिए चुनौती साबित हुई। पलक्कड़ के विधायक राहुल ममकूटाथिल पर लगे बलात्कार और जबरन गर्भपात के आरोप, तथा इनसे जुड़े पुलिस मामलों ने यूडीएफ की छवि को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता से हटाने का निर्णय लिया। दूसरी ओर, प्रचार के दौरान आंतरिक मतभेद और स्थानीय स्तर की समस्याएं भाजपा के लिए चिंता का कारण बनी रहीं। इसी बीच, राज्य चुनाव आयुक्त ए. शाहजहां ने सभी राजनीतिक दलों को निर्देश दिया था कि उनके प्रचार समापन कार्यक्रम आम जनता की आवाजाही में किसी भी तरह की बाधा न पैदा करें। वह तिरुवनंतपुरम स्थित मार इवानियोस कॉलेज में चुनाव सामग्री वितरण केंद्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा भी ले चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।