शहर

Kaushambi Encounter: पटाखा फैक्ट्री मामले में 50 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार; सभी 6 नामजद आरोपी सलाखों के पीछे

Kaushambi Encounter: यूपी के कौशांबी में 14 लोगों की जान लेने वाले पटाखा फैक्टरी विस्फोट के फरार आरोपी शकील को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले प्रशासन ने उसका मकान बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया था।

Image

पटाखा कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Kaushambi Encounter: कौशांबी जिले के मंझनपुर क्षेत्र स्थित मनौरी कस्बे में पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे आखिरी नामजद आरोपी शकील को शुक्रवार देर रात मंझनपुर थाना पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ ही इस भीषण हादसे में शामिल सभी 6 नामजद आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

चेकिंग के दौरान घेराबंदी, पुलिस टीम पर की फायरिंग

मंझनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) जनेश्वर प्रसाद पांडेय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार रात लगभग 9 बजे पुलिस और एसओजी की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी शकील के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे तुरंत दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी शकील (निवासी ग्राम मोहम्मदपुर, थाना पिपरी) के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और एक बाइक जब्त की है।

दिन में बढ़ा था इनाम, प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

इससे पहले दिन में प्रयागराज रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अजय मिश्रा के निर्देश पर कौशांबी के पुलिस अधीक्षक (SP) सत्यनारायण प्रजापत ने फरार शकील पर घोषित इनाम की राशि 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी थी।

इसके साथ ही, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को पिपरी थाना क्षेत्र में स्थित मुख्य आरोपी नौशाद के भाई शकील के मकान को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था। इससे पहले मुख्य आरोपी नौशाद के तीन मंजिला मकान और गोदामों को भी जमींदोज किया जा चुका है।

31 अगस्त को हुआ था दर्दनाक हादसा, 14 लोगों की गई थी जान

उल्लेखनीय है कि 31 अगस्त को मनौरी कस्बे में एक अवैध पटाखा फैक्टरी सह गोदाम में जोरदार धमाका हुआ था। इस दर्दनाक हादसे में 14 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विस्फोटक अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत FIR दर्ज की थी। पुलिस द्वारा दर्ज FIR में फैक्टरी मालिक नौशाद समेत कुल 6 आरोपी नामजद थे, जिन्हें अब अलग-अलग कार्रवाइयों में गिरफ्तार कर लिया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article