Kanpur Murder: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक को रूह कंपा देने वाली मौत दी गई। युवक के सिर को ईंट से कूच-कूचकर मार डाला। युवक घर से लापता था। उसका शव बिठूर-मंधना रोड पर झाड़ियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बिठूर थाना प्रभारी, एसीपी और एडीसीपी वेस्ट भी मौके पर पहुंच गए। डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम भी मौके पर बुलाई गई। पुलिस ने छानबीन कर युवक की शिनाख्त कराई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को हत्याकांड की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, बिठूर थाना इलाके के मंधना रामनगर का रहने वाला भइया लाल (27) रामा यूनिवर्सिटी में स्वीपर था। वह मंगलवार को रोजाना की तरह काम पर निकला था, लेकिन शाम को घर नहीं आया। परिजनों ने फोन मिलाया तो वह भी स्विच ऑफ था।
झाड़ियों में पड़ी लाश के पास मिला था मोबाइल फोन
परेशान परिजनों ने देर रात तक यूनिवर्सिटी से लेकर रिश्तेदारों में जानकारी जुटाई लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। यूनिवर्सिटी से जानकारी मिली कि रोजाना की तरह शाम पांच बजे वह चला गया था। परिजन भइया लाल की तलाश में जुटे थे कि बुधवार दोपहर को बिठूर मंधना रोड पर एसबीआई बैंक के सामने झाड़ियों में एक लाश पड़ी मिली। शव मिलने की सूचना पर बिठूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को शव के पास मोबाइल मिला। पुलिस ने मोबाइल ऑन किया तो मृतक की बहन का फोन आ गया। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी दी, तब मृतक के भाई कन्हैय्या लाल, सुशील और मां रेशमा मौके पर पहुंचे और उसकी शिनाख्त की।
