Indian Railway Holi 2023: अगले महीने होली पर घर जाने वाले लोगों को ट्रेनों में सीटें नहीं मिल रही हैं। कानपुर से होकर चलने वाली या यहां से गुजरने वाली 90 फीसदी ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। इसके अलावा त्योहार पर फ्लाइट का भी किराया तीन गुना ज्यादा है। वहीं, रेलवे त्योहार पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर यात्रियों को राहत देगा। लोगों को घर जाने के लिए स्पेशल ट्रेनों का ही सहारा लेना पड़ेगा। रेलवे के अफसर ने कहा कि होली पर रेलवे स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा, ताकि यात्रियों को परेशानी न उठानी पड़े।
अगले महीने की आठ तारीख को होली का त्योहार है। ऐसे में 120 दिन पहले आरक्षण कराने के नियम के चलते ज्यादातर नौकरीपेशा लोगों ने ट्रेनों में सीटें बुक करा ली हैं। मुंबई रूट पर केवल 40 जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता है। इस कारण इस रूट पर सीटों को लेकर अधिक मारामारी है। दिल्ली रूट पर 88 जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता है।
