कानपुर : रावतपुर थाना क्षेत्र में बारावफात के दौरान सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न करने के आरोप में 25 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई 4 सितंबर को हुई, जब रामनवमी शोभायात्रा गेट के सामने "लव मोहम्मद" का साइन बोर्ड अचानक लगाया गया, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ। हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इस पर विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और साइन बोर्ड को हटा दिया।
पुलिस ने दरोगा पंकज शर्मा की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आरोपियों की पहचान की। एफआईआर में 8 नामजद आरोपियों के साथ-साथ 15 अज्ञात व्यक्तियों को भी शामिल किया गया है। नामजद आरोपियों में शराफत हुसैन, सबनूर आलम, बाबू अली, मोहम्मद सिराज खजूर, रहमान, इकराम अहमद, इकबाल, बंटी और कुन्नू कबाड़ी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने जानबूझकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
