कानपुर

कानपुर में LLB छात्र पर जानलेवा हमला; मामूली बहस में चापड़ से काट डाली उंगलियां, पेट भी फटा

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक LLB छात्र पर मेडिकल स्टोर संचालक और उसके साथियों ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। विवाद दवा पर डिस्काउंट मांगने को लेकर शुरू हुआ था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

Photo : Times Now Digital

Kanpur News: कानपुर में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक 22 वर्षीय LLB प्रथम वर्ष के छात्र पर मेडिकल स्टोर संचालक और उसके साथियों ने चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। मामूली विवाद दवा पर डिस्काउंट मांगने को लेकर शुरू हुआ, लेकिन देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।

दवा के डिस्काउंट पर शुरू हुआ विवाद

घटना थाना रावतपुर के विनायकपुर क्षेत्र की है। जहां अभिजीत सिंह, जो कानपुर विश्वविद्यालय में एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र है, दवा खरीदने के लिए एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचा था। वहां दवा के दाम को लेकर उसकी कहासुनी मेडिकल स्टोर के संचालक अमर सिंह से हो गई। विवाद बढ़ने पर अमर सिंह ने अपने भाई विजय सिंह और दो अन्य साथियों को बुला लिया। पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों ने मिलकर अभिजीत पर हमला कर दिया। उन्होंने छात्र के सिर पर वार किया और फिर चापड़ से पेट काट दिया, जिससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं। हमले के दौरान अभिजीत के दो उंगलियां भी कट गईं। घायल छात्र ने किसी तरह मौके से भागकर मदद के लिए शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग पहुंचे और हमलावरों को वहां से भागना पड़ा।

छात्र की हालत गंभीर

स्थानीय लोगों की मदद से अभिजीत को तुरंत रीजेंसी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां वह आईसीयू में भर्ती हैं। डॉक्टरों के अनुसार, छात्र के सिर पर टांके लगे हैं और उसकी स्थिति गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना रावतपुर प्रभारी ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चौथा आरोपी अभी फरार है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article