Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से गुरुवार की शाम दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक काकादेव इलाके के नवीन नगर स्थित कूड़ा घर के पास आवारा गाय के मुंह में बम फट गया। जिससे गाय का जबड़ा उड़ गया। गाय के साथ हुई इस घटना से लोग दहल उठे। सूचना पर पहुंची पुलिस गाय को रायपुरवा स्थित सोसायटी फार प्रीवेंशन ऑफ क्रुएलिटी अगेंस्ट एनिमल अस्पताल (एसपीसीए) में लेकर गई। यहां उसका इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, काकादेव इलाके के नवीन नगर में कूड़ा घर है। गुरुवार की शाम लगभग सात बजे यहां गाय के साथ यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि, गाय का जख्मी हालत का वीडियो जब वायरल हुआ तो इसका संज्ञान पुलिस ने लिया।
गाय का जबड़े का ज्यादातर हिस्सा उड़ा
हालांकि कुछ लोग भी खुद थाने पहुंच गए और पुलिस को मामले की जानकारी दी। कुछ लोगों ने कहा कि, किसी शरारती तत्व ने यह हरकत जानबूझकर की है। घटना की जानकारी लगभग आठ बजे पुलिस ने नगर निगम को दी। नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके निरंजन ने एसपीसीए इंचार्ज को जानकारी दी। इस पर अस्पताल से एंबुलेंस भेजी गई और गाय को लाया गया। गाय का तुरंत उपचार शुरू किया गया। एसपीसीए के इंचार्ज डॉ. राजेंद्र ने बताया कि, गाय को गंभीर रूप से जख्मी हालत में अस्पताल लाया गया। उसके जबड़े का ज्यादातर हिस्सा उड़ गया है।
सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे - पुलिस आयुक्त
पुलिस आयुक्त बीपी जोगदंड ने इस मामले पर कहा कि, कूड़े में किसी ने बम फेंका या गाय के मुंह के पास ले जाकर चलाया गया, इसके लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को घटना स्थल पर भेजा गया है और सबूत जमा कराए गए हैं। वहीं, मामले में नगर निगम की भी लापरवाही सामने आई है। शाम को जिस समय यह घटना हुई उस वक्त भारी मात्रा में कूड़ा अड्डे के बाहर सड़क तक पड़ा था। कूड़ा समय से उठ जाता तो यह घटना नहीं होती।
