Kanpur Traffic: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में यातायात विभाग ने धनतेरस से दिवाली तक शहर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया है। यह व्यवस्था शनिवार दोपहर से सोमवार देर रात 12 बजे तक लागू रहेगी। यातायात विभाग ने दीपावली पर बाजारों में जाम की समस्या से समाधान के लिए यह योजना तैयार की है। इस समय में वाहनों का शहर में आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बाजारों के आस-पास अस्थायी पार्किंग तैयार की गई है। वहीं, बाजार में सड़क पर वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। जाम के प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। शहर के नानाराव पार्क, फूलबाग अंडर ग्राउंड पार्किंग समेत कई जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
आपको बता दें कि शहर के फूलबाग चौराहा से बिरहाना रोड की ओर कोई भी वाहन नहीं जाएगा। मल्टी लेवल पार्किंग, पनचक्की और अंडर ग्राउंड फूलबाग पार्किंग में वाहन खड़े करने की सुविधा रहेगी। इसके अलावा, चेतना चौराहा से बड़ा चौराहा की तरफ वाहन की एंट्री नहीं होगी। यह वाहन एमजी कॉलेज और सरसैया घाट होते हुए अपने गंतव्य की तरफ बढ़ेंगे।
कानपुर शहर के इन रास्तों से बचकर निकलें
कानपुर शहर के कोतवाली चौराहे से मूलगंज की तरफ वाहनों की एंट्री नहीं होगी। वाहन चालक अपने वाहन उर्सला हॉस्पिटल के सामने और क्रिस्टल पार्किंग में खड़े कर सकते हैं। इसके अलावा, पुलिस चौकी सिरकी मोहाल से बिरहाना रोड की ओर वाहन के जाने पर पाबंदी रहेगी। ये वाहन दाएं मुड़कर एक्सप्रेस रोड से नरौना चौराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगे। वहीं, रामबाग चौराहे से पीरोड पर वाहनों की एंट्री नहीं होगी। यह वाहन रामबाग चौराहे से दाएं मुड़कर ब्रह्मनगर चौराहे से अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
ये रहेगा ट्रैफिक पुलिस का प्लान
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, जरीब चौकी से वाहन सीसामऊ और पी रोड की ओर नहीं जा सकेंगे। कल्याणपुर क्रॉसिंग से वाहनों की पनकी की तरफ एंट्री नहीं होगी। यह वाहन गुबा गार्डेन से बाएं मुड़कर अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगे। सीएनजी पेट्रोल पंप से वाहन कल्याणपुर क्रॉसिंग की ओर नहीं जाएंगे, यह वाहन सीएनजी पेट्रोल पंप से दाएं मुड़कर बगिया क्रॉसिंग होते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ेंगे। पनकी नहर से बड़े वाहन कल्याणपुर क्रॉसिंग की ओर नहीं जा पाएंगे। चावला चैराहे से चार पहिया वाहन गोविंद नगर की ओर नहीं जाएंगे। मलिक पेट्रोल पंप सीटीआई तिराहा के पास से वाहनों की गोविंद नगर की ओर एंट्री नहीं होगी। भोला डेयरी से वाहन गोविंद नगर की ओर नहीं जा सकेंगे।
पार्किंग की व्यवस्था यहां होगी
कानपुर शहर में नानाराव पार्क, मल्टीस्टोरी पार्किंग पनचक्की, फूलबाग अंडर ग्राउंड पार्किंग, एलआईसी बिल्डिंग में पार्किंग, क्रिस्टल पार्किंग कारसेट चौराहा और न्यू बसंत टॉकीज के पीछे सेंट्रल पार्क में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
