Kanpur News: नाबालिग से गैंगरेप मामले में YouTuber गिरफ्तार, पुलिस सब-इंस्पेक्टर फरार
- Edited by: Digpal Singh
- Updated Jan 8, 2026, 01:28 PM IST
कानपुर में 14 साल की नाबालिग के अपहरण और गैंगरेप के मामले में पुलिस ने एक स्थानीय YouTuber को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी सब-इंस्पेक्टर अब भी फरार है। सोमवार रात को हुई घटना की जांच में लापरवाही बरतने पर SHO को सस्पेंड कर दिया गया है।
कानपुर में नाबालिग से गैंगरेप मामले में एक गिरफ्तार
कानपुर में 14 साल की नाबालिग के अपहरण और गैंगरेप के मामले में पुलिस ने एक YouTuber को गिरफ्तार किया है। जबकि इसी मामले में एक अन्य आरोपी फरार है। बता दें कि फरार आरोपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर है। 14 साल की नाबालिग को कानपुर के सचेंदी इलाके से किडनैप करने के बाद उसके साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया था।
गैंगरेप का यह मामला कानपुर में काफी तूल पकड़ चुका है। इस मामले में राजनीतिक दबाव भी काफी ज्यादा देखने को मिल रहा है। सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने और जांच में कोताही बरतने के आरोप में बड़े स्तर पर प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिल रही है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने डिप्टी कमिश्नर (वेस्ट) दिनेश चंद्र त्रिपाठी को हटा दिया है, जबकि सचेंदी के SHO विक्रम सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 7वीं कक्षा से ड्रॉपआउट पीड़ित नाबालिग को सोमवार रात करीब 10 बजे स्कॉर्पियो कार में किडनैप किया गया था। अपहरण के बाद आरोपी, नाबालिग को रेलवे ट्रैक के पास सुनसान इलाके में ले गए। यहां आरोपियों ने नाबालिग लड़की के साथ लगभग दो घंटे तक गैंगरेप किया और फिर उसके घर के बाहर बेहोशी की हालत में छोड़ गे।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल न बताया कि पीड़ित नाबालिग लड़की के बयान के आधार पर पुलिस सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार मौर्य और स्थानीय YouTuber शिवबरन यादव के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की गई है। YouTuber शिवबरन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार मौर्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं। अपराध के लिए इस्तेमाल की गई SUV को भी सीज कर लिया गया है, जो सब-इंस्पेक्टर की है।
जांच में पता चला है कि अमित कुमार मौर्य की बिठूर पुलिस स्टेशन में तैनाती थी, लेकिन घटना के समय वह सचेंदी में मौजूद था। पीड़ित के परिवार का आरोप है कि स्थानीय पुलिस मामले में लीपा-पोती कर रही है। उनका आरोप है कि जब पुलिसकर्मी का नाम लिया गया तो पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई ही नहीं की।
पीड़ित नाबालिग लड़की के भाई का कहना है कि पुलिस ने पीड़ित का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। यही नहीं उनका आरोप है कि पीड़ितो को कोर्ट स्टेटमेंट रिकॉर्ड होने तक घर जाने से भी रोक दिया। SHO विक्रम सिंह को POCSO एक्ट के तहत सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर केस रिकॉर्ड्स को गलत तरीके से पेश करने का आरोप है। सचेंदी पुलिस स्टेशन का चार्ज अब दीनानाथ मिश्रा को दे दिया गया है।
इस पूरे मामले की जांच एडिशनल डीसीपी (वेस्ट) कपिल देव सिंह को सौंप दी गई है। गैंगरेप की इस घटना ने कानपुर में राजनीतिक रूप भी ले लिया है। पूर्व CPI (M) सांसद सुभाषिनी अली ने कमिश्नर के साथ बैठक की और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में आरोपियों को दंड न मिलने की कड़ी निंदा की।
Input- PTI
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।