उत्तर से पूर्वी और दक्षिण भारत तक मौसम के हालात बिल्कुल बदल चुके हैं। जहां लोगों को यह लग रहा था कि होली के बाद या अप्रैल की शुरुआत होते ही गर्मी अपना असर दिखाएगी वहीं इसके ठीक उलटा हुआ। बारिश-आंधी, तुफान और ओलावृष्टि की घटनाओं ने गर्मी के आगाज पर मानो पानी ही फेर दिया। मौसम प्रणालियों की बात करें तो, मध्य पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद चक्रवाती परिसंचरण वाला पश्चिमी विक्षोभ अभी भी सक्रिय है और यह निचले और ऊपरी वायुमंडलीय स्तरों के बीच स्थित है।
निचले वायुमंडलीय स्तर पर पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में एक ऊपरी-हवाई चक्रवाती परिसंचरण देखा जा रहा है। इसी तरह, छत्तीसगढ़ और उसके आस-पास के इलाकों में भी निचले स्तर पर एक ऊपरी-हवाई चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा, दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निचले स्तर पर एक और ऊपरी-हवाई चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 07 अप्रैल 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में आइए जानें अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों में कल का मौसम (Kal Ka Mausam) कैसा रहेगा?
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का कहना है कि, इस हफ्ते एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसका प्रभाव 7 और 8 अप्रैल को सबसे अधिक रहेगा। मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में 8 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। 7 और 8 अप्रैल को पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में; तथा 5 से 7 अप्रैल के दौरान झारखंड के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की संभावना है। अगले सात दिनों में देश के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम रहने की संभावना है।
दिल्ली एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली एनसीआर में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते क्षेत्र में लगातार बादल छाए हुए हैं, तेज हवाएं चल रही हैं और कई जगहों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह हालात 8 अप्रैल तक बने रह सकते हैं, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। IMD के ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 5 और 6 अप्रैल को मौसम कुछ हद तक साफ रहने की संभावना है, जहां तापमान 32 से 33 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन इसके बाद 7 और 8 अप्रैल को फिर से आंशिक बादल छाने और बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारों का दौर लौट सकता है।
यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने अगले 24 घंटों के दौरान तेज आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना को लेकर भी चेतावनी दी है। आईएमडी ने चेतावनी जारी की है कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिमी भारत पश्चिमी विक्षोभ की चपेट में आ सकता है, जो 7 अप्रैल को सक्रिय रहेगा। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में 5 अप्रैल को बारिश की संभावना है, वहीं पूर्वी यूपी में भी 5 अप्रैल को ही बारिश होने की उम्मीद है।
बिहार में कल के मौसम का हाल
बिहार का मौसम अब बदल गया है। पटना समेत कई जिलों में तेज हवाओं का असर हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 5 अप्रैल से राज्य के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 6 और 7 अप्रैल को कुछ जिलों में ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान कुछ दिनों तक स्थिर रहने के बाद कम होने के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 7 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होगा। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होने के कारण बिहार में मौसम में परिवर्तन देखा जाएगा।
राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम
राजस्थान में 6 अप्रैल को दोपहर बाद जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में एक और नया मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के कुछ भागों में तेज आंधी-बारिश की संभावना है। सात अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में आंधी चलने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि, मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इसी तरह 8 अप्रैल को उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे खेत में पककर तैयार फसलों, कृषि मंडियों व धान मंडियों में खुले में रखे हुए अनाज को ढककर रखें या सुरक्षित स्थान पर भंडारण करें ताकि उन्हें भीगने से बचाया जा सके।
मध्य प्रदेश का मौसम कैसा रहने वाला है?
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में 5 अप्रैल को महाकौशल और बुंदेलखंड क्षेत्रों में मौसम सबसे अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की आशंका है। 5 से 6 अप्रैल के बीच मौसम का प्रभाव मुख्यतः पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ जाएगा, जहां दतिया, भिंड, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल और छिंदवाड़ा में कहीं-कहीं वज्रपात और तेज हवाओं के साथ मौसम प्रभावित हो सकता है। 6 से 7 अप्रैल के दौरान ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्रों में बादलों का असर बना रहेगा। इस दौरान शिवपुरी, ग्वालियर, सिंगरौली, सीधी और सतना में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। 7 से 8 अप्रैल तक मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है, लेकिन बुंदेलखंड और ग्वालियर-चंबल के कुछ जिलों में वज्रपात का खतरा बना रह सकता है।
जम्मू-कश्मीर के मौसम का पूर्वानुमान
जम्मू-कश्मीर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के मैदानी इलाकों में बारिश व पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट आई है। बारामूला में लगातार बारिश के कारण राजमार्ग पर कई जगहों पर जलभराव हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 से 7 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 8 से 9 अप्रैल को कुछ जगहों पर हल्की बारिश, बर्फबारी हो सकती है। भारी बारिश से कुछ संवेदनशील जगहों पर अचानक बाढ़, भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं होने की संभावना बन सकती है। कुछ निचले इलाकों में जलभराव होने का अनुमान है। वहीं, 10 से 11 अप्रैल को कुछ जगहों पर हल्की बारिश/बर्फबारी (ऊंचे इलाकों में) कुछ समय के लिए हो सकती है, जबकि 12-15 अप्रैल को आमतौर पर मौसम सही रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 7 और 8 अप्रैल के दौरान तेज हवा, गर्जना और ओलावृष्टि का अनुमान है। कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनेगी।
दक्षिण भारत में बारिश होगी या नहीं?
IMD की वेदर रिपोर्ट के अनुसार, केरल और माहे में 5 से 7 अप्रैल के दौरान; आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 5 से 8 अप्रैल तक; रायलसीमा में 5 से 8 अप्रैल तक (तटीय कर्नाटक में 4 अप्रैल को बिजली गिरने की संभावना के साथ); तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 5 से 8 अप्रैल तक; तथा केरल और माहे में 8 अप्रैल को गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक) के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल-माहे में 4 से 6 अप्रैल के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना भी बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
FAQs
अगले कुछ दिनों में भारत में मौसम कैसा रहेगा?
अगले सप्ताह उत्तर-पश्चिमी, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत में मौसम सक्रिय रहेगा। कई इलाकों में गरज-चमक, बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी।
