Noida News: अगर आपकी कार, बाइक या किसी अन्य वाहन का ट्रैफिक चालान लंबे समय से पेंडिंग है तो आपके पास इसे निपटाने का एक बहुत ही अच्छा मौका है। गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा में कल शनिवार 28 नवंबर को स्पेशल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यहां वाहन चालक मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित ट्रैफिक चालानों का समझौते के आधार पर निस्तारण करा सकते हैं। इसके लिए उत्तर प्रदेश ट्रैफिक पुलिस और Noida Traffic Police की तरफ से वाहन मालिकों को SMS के जरिए भी सूचना भेजी जा रही है।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय परिसर में स्पेशल लोक अदालत लगेगी। इसकी शुरुआत सुबह 10 बजे होगी। ऐसे में अगर आपका कोई पुराना चालान लंबित है तो आप शनिवार को अदालत पहुंचकर उसके निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
सिर्फ नोएडा के ट्रैफिक चालानों का होगा निपटारा
वाहन मालिकों के लिए यह जानना जरूरी है कि सूरजपुर कोर्ट में आयोजित इस लोक अदालत में गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा क्षेत्र के ट्रैफिक चालानों का ही निस्तारण किया जाएगा। अगर आपकी गाड़ी का चालान दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम या किसी दूसरे जिले या राज्य में हुआ है तो उसका निपटारा यहां नहीं कराया जा सकेगा।
स्पेशल लोक अदालत का आयोजन जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव के निर्देशन में होगा। इसमें अपर जिला जज एवं स्पेशल जज (एससी-एसटी एक्ट) और लोक अदालत की नोडल अधिकारी सोमप्रभा मिश्रा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत भी शामिल रहेंगी।
क्या लोक अदालत में माफ हो जाएगा ट्रैफिक चालान?
लोक अदालत को लेकर वाहन चालकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यहां पुराने चालान पूरी तरह माफ हो जाते हैं? दरअसल, ऐसा नहीं है। लोक अदालत में चालानों का निस्तारण संबंधित मामले की प्रकृति, नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर समझौते से होता है।
हर चालान अपने आप माफ नहीं होता और न ही प्रत्येक मामले में जुर्माने में छूट मिलना तय है। इसलिए कोर्ट पहुंचने से पहले अपने चालान की स्थिति और उसके निस्तारण की पात्रता की जानकारी जरूर कर लें।
लोक अदालत में ट्रैफिक चालान कैसे निपटाएं?
अगर आप भी अपनी गाड़ी का पुराना चालान निपटाना चाहते हैं तो इन बातों का ध्यान रखें :
- सबसे पहले ऑनलाइन अपनी गाड़ी के पेंडिंग ट्रैफिक चालान का स्टेटस चेक करें।
- लोक अदालत में निस्तारण योग्य चालान की जानकारी प्राप्त करें।
- उपलब्ध व्यवस्था के अनुसार निस्तारण के लिए ऑनलाइन टोकन हासिल करें।
- शनिवार 28 नवंबर को सुबह 10 बजे सूरजपुर स्थित जिला कोर्ट परिसर पहुंचें।
- अपने साथ गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC), ड्राइविंग लाइसेंस और चालान से संबंधित जरूरी दस्तावेज रखें।
- संबंधित काउंटर या कोर्ट में चालान का विवरण प्रस्तुत करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारण कराएं।
ध्यान रखें कि लोक अदालत में जाने से पहले चालान का पूरा ब्योरा और जरूरी दस्तावेज तैयार रखने से आपकी अदालत में परेशानी कम हो सकती है। शनिवार को होने वाली इस स्पेशल लोक अदालत के जरिए वाहन चालकों को लंबे समय से लंबित चालानों का निस्तारण कराने का अवसर मिलेगा।
