शहर

24 अगस्त का मौसम: संडे-मंडे होगी बादल फाड़ बरसात! आफत की बारिश संग होगा वज्रपात; आंधी-तूफान का बड़ा अलर्ट

Kal Ka Mausam, 24 अगस्त 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : देशभर में एक बार फिर दक्षिण-पश्चिम मानसून के एक्टिव होने से अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। आईएमडी ने 24 से 26 अगस्त तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, यूपी और बिहार में बादलों के छाए रहने के साथ कहीं मध्यम तो कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज आंधी-तूफान के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। लिहाजा, खराब मौसम के दरम्यान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और महाराष्ट्र एवं गुजरात में भी तेज मौसमी गतिविधियां होने का अलर्ट है।

Image

कल का मौसम

कल का मौसम कैसा रहेगा 24 अगस्त 2025: अगस्त का आखिरी सप्ताह बारिश से सराबोर रह सकता है। एक बार फिर मानसून के एक्टिव होने से देभभर के विभिन्न राज्यों में मौसमी गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त यानी रविवार को उत्तर भारत में घने बादल छाए रहने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में कई स्थानों पर आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं, पहाड़ों पर मानसूनी आफत से जनजीवन अस्त व्यस्त है। आईएमडी ने रविवार से सप्ताह के आखिरी तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बादल फाड़ बारिश, वज्रपात और लैंडस्लाइड का अलर्ट घोषित किया है। लिहाजा, अगले कुछ दिनों तक हिमालयी क्षेत्र में यात्रा करने से परहेज करना होगा। इसके अलावा महाराष्ट्र और गुजरात के अधिकांश भागों में बादल मेहरबान रहेंगे, जिससे नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। उधर, दक्षिण में कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और हैदराबाद में मध्यम वर्षा का अनुमान जताया जा रहा है। इसी प्रकार पूर्वोत्तर में असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय और नागालैंड के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।

यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून के सक्रिय होने से एक बार फिर तेज मौसमी गतिविधियां शुरू हो रही हैं। आईएमडी के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अगले सप्ताह तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत रहेगी। 24 से लेकर 26 अगस्त तक पश्चिम यूपी के कुछ हिस्सों बरेली, मुरादाबाद, मथुरा, अलीगढ़, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रतापगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, गोंडा, बस्ती, जौनपुर, मऊ, बलिया, श्रावस्ती और देवरिया समेत आसपास के जिलों में बहुत अच्छी बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और बाढ़ की संभावना है।

दिल्ली कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही जारी है। मौसम विभाग ने 24, 25 और 26 अगस्त के लिए तेज बारिश का बड़ा अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने अगले सप्ताह तक आसमाम पर बादल छाए रहने की वजह से तापमान में काफी कमी आएगी। इस बीच न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। वहीं, बारिश के कारण प्रदूषण का स्तर बेहद कम रहने की संभावना है। कमोबेश मौसम के यही हाल नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में रहेंगे, जिससे वीकेंड पर मौसम काफी सुहावना रहेगा।

बिहार में कैसा रहेगा मानसून?

बिहार में अगले कुछ दिन तक तेज मौसमी गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं। रविवार से लेकर कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बौछारें देखने को मिल सकती हैं। मौसम विभाग के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बक्सर, भोजपुर, पटना, नालंदा, बेगूसराय, गया, औरंगाबाद, नवादा, जमुई, बांका, भागलपुर और खगड़िया में ठनका गिरने की संभावना के बीच अच्छी बारिश मौसम को खुशनुमा बना सकती है। उधर, उत्तर बिहार, चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, मुज़फ्फरपुर, गोपालगंज, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है। मानसून की वापसी बिहार के किसानों के लिए काफी उम्मीद लेकर आया है, जो आने वाली फसलों के लिए काफी अच्छा रहने वााल है।

राजस्थान में बिगड़ा मानसून

राजस्थान के विभिन्न जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात हैं। वहीं, कोटा और सवाई मधोपुर में राहत व बचाव कार्य में सेना की मदद ली गई है। बारिश से कई जगह राजमार्गों पर यातायात बाधित हुआ है और रेल सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। सुरवाल बांध में आठ से दस लोगों को ले जा रही एक नाव तेज बहाव के कारण डूब गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीन लोगों को बचा लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी है। झालावाड़, कोटा और बूंदी के स्कूलों में भी शनिवार को छुट्टी घोषित की गई है। आईएमडी ने 23 अगस्त के लिए चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा में भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है। विभाग ने भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, कोटा, पाली, राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, जालोर व सिरोही में भारी बारिश का 'ऑरेंट अलर्ट' जारी किया है।

उत्तराखंड में मानसूनी आफत

उत्तराखंड में मानसूनी आफत से तबाही का आलम है। पिछले दिनों उत्तरकाशी के धराली के बाद अब चमोली जिले के थराली कस्बे में तेज बारिश के कारण बरसाती नाले टूनरी गधेरे में आई भीषण बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने बादल फटने की बात कही है। चमोली जिला आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, थराली को जोड़ने वाला कर्णप्रयाग–ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग, मिंग गधेरे के पास मलबा आने से बंद हो गया है। इसके अलावा, थराली–सागवाड़ा मोटर मार्ग तथा डूंगरी मोटर मार्ग भी अवरुद्ध हो गए हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, रूद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी की है। आईएमडी ने अभी कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम रहने के संकेत दिए हैं।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
जम्मू-कश्मीर 11°C17°C
शिमला17°C22°C
देहरादून23°C26°C
चंडीगढ़26°C30°C
दिल्ली27°C31°C
जयपुर 27°C29°C
भोपाल23°C26°C
मुंबई26°C28°C
लखनऊ26°C32°C
पटना27°C31°C
रायपुर24°C28°C
हैदराबाद22°C29°C
चेन्नई27°C33°C

हिमाचल प्रदेश में कैसा है मौसम

हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर जारी है। कई हिस्सों में जारी बारिश के कारण एक हाईवे समेत अनेक सड़कें बंद हैं। जानकारी के मुताबिक, बंद हुईं 339 सड़कों में से 162 सड़कें मंडी जिले में और 106 सड़कें निकटवर्ती कुल्लू में हैं। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रविवार से मंगलवार तक भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान नगरोटा सूरियां में 39.2 मिमी, कांगड़ा में 35.7 मिमी, नैना देवी में 34.8 मिमी, पांवटा साहिब में इस मानसून में अब तक राज्य में 75 बार बाढ़, बादल फटने की 39 और भूस्खलन की 74 घटनाएं होने से भारी नुकसान हुआ है।

झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट

झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण पांच लोगों की मौत हो गई चतरा जिले के कटघरा गांव में शुक्रवार को एक दंपति उफनती नदी में बह गए। मौसम विभाग ने मानसून के फिर से एक्टिव होने की बात कही है। तेज बारिश के कारण राज्य के लगभग आधा दर्जन जिलों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जमशेदपुर, सरायकेला और कोल्हान जिलों में पिछले 24 घंटे से हो रहे बारिश से एक बार फिर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। दोनों प्रमुख नदियां स्वर्णरेखा और खरकाई खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

तमिलनाडु का मौसम कैसा है?

तमिलनाडु का मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विभाग ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम और तिरुवन्नामलाई जिलों सहित तमिलनाडु के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में हुई बारिश के कारण चेन्नई के कई इलाकों में पानी भर गया और नुंगमबक्कम स्थित लोयोला कॉलेज के पास एक बड़ा पेड़ उखड़ गया। मौसम विभाग ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम और नागपट्टिनम जिलों में मध्यम से तेज आंधी-तूफान की आशंका जताई है। कुछ इसी प्रकार का मौसम केरल, कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में बने रहने की संभावना है।

मुंबई का मौसम कैसा रहेगा?

महाराष्ट्र में मानसून की सक्रियता से बारिश की गतिविधियां तेज हैं। हालांकि, मुंबई में अभी राहत है। मौसम विभाग ने बताया कि हफ्ते की शुरुआत में बारिश कराने वाला सिस्टम अब गुजरात की ओर खिसक गया है। फिलहाल, वीकेंड के अंत तक मुंबई में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहेगा। 24 अगस्त तक सामान्य मॉनसून की तरह हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। हालांकि, यह बारिश पहले जितनी तेज नहीं होगी। 25 अगस्त से गतिविधि शुरू होगी, 26 और 27 अगस्त को चरम पर रहेगी और 28 अगस्त की शाम से घटने लगेगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!