Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): उत्तर भारत भीषण सर्दी के साथ कोहरे की आगोश में है। दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं है, लिहाजा कई राज्यों में कोल्ड डे घोषित है। शाम सुबह अधिक कोहरे के साथ दिन में भी धुंध की परत जमी हुई है। दिल्ली-एनसीआर के जिले, राजस्थान, उत्तर प्रदेश-बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में कड़ाके की सर्दी के चलते जनजीवन पर असर पड़ रहा है। खासकर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में जारी भीषण बर्फबारी के चलते मैदानी इलाके बर्फ का गोला बने हुए हैं। वहीं, दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक में भी हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है। कमोबेश यही हाल पूर्वोत्तर के राज्यों में भी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों 10 और 12 जनवरी तक कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इधर, कोहरे और खराब मौसम के चलते रेल, हवाई और सड़क परिवहन बुरी तरह से प्रभावित है। आइये जानते हैं आने वाले दिनों में किस राज्य में कैसा मौसम रहेगा?
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में शुक्रवार को तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि, दिन में हल्की धूप भी देखने को मिली। फिलहाल, शीतलहर के चलते दिल्ली में मौसम की स्थिति खराब बनी रहेगी। आईएमडी के मुताबिक, गुरुवार सुबह दिल्ली में 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है, जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद जताई है। शुक्रवार-शनिवार को शहर में घने कोहरे का अनुमान लगाया है।
दिल्ली में प्रदूषण कितना है?
राजधानी की वायु गुणवत्ता में मामूली अंतर से गिरावट आई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सुबह सात बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 299 रहा। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।
यूपी में कैसा मौसम है?
इधर, उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। यहां राजधानी लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, आगरा, झांसी और बरेली समेत ज्यादातर जिलों में भीषण कोहरे की परत देखी जा रही है। रात के अलावा दिन में पड़ रही भीषण ठंड के चलते मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी कर रखा है। इनमें सबसे ज्यादा ताजनगरी आगरा रहा। आईएमडी ने 10 जनवरी को घने कोहरे के साथ बादल छाए रहने और 11 जनवरी को बारिश के आसार जताए हैं। दिन में तेज हवाओं के चलते गलन के साथ पाला गिर रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।
एमपी का मौसम
मध्य प्रदेश में भी शीतलहर से लोगों की हालत खराब है। सुबह शाम भीषण कोहरे के साथ दिन में गलन भरी हवाएं लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर रही हैं। भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत कई जिलों में कड़ाके की सर्दी है तो वहीं पंचमढ़ी में बर्फबारी देखी जा रही है।
पंजाब-हरियाणा का मौसम कैसा रहेगा?
पंजाब और हरियाणा में भी सर्दी का प्रकोप जारी है। शुक्रवार को सुबह-शाम दोनों राज्यों में घना कोहरा छाया रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में गुरुवार को अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 4.2 डिग्री सेल्सियस जबकि लुधियाना, पठानकोट, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर जिलों में क्रमश: 6.2 डिग्री, 3.3 डिग्री, 5 डिग्री, 2.6 डिग्री और 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में कितनी ठंडी है
हरियाणा के सोनीपत में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य स्थानों में अंबाला का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हिसार, करनाल, नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.5 डिग्री, 3.5 डिग्री, 4 डिग्री, 5.7 डिग्री, 4.9 डिग्री और 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। आने वाले दिनों में मौसम खास परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा।
झारखंड में कितना तापमान?
झारखंड में भीषण सर्दी और कोहरे के कारण यातायात प्रभावित है। खासकर, ट्रेनों के अलावा हवाई यात्राएं पूरी तरह लेट लतीफ हैं। गुरुवार को घने कोहरे के कारण रांची हवाई अड्डे यानी बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन प्रभावित रहा। गुरुवार सुबह दृश्यता 300 मीटर दर्ज की गई, जबकि विमान उतरने के लिए न्यूनतम दृश्यता 1200 मीटर होनी चाहिए। कोहरे के अलावा झारखंड में शीतलहर जैसी स्थिति भी है और लोहारदगा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस है। आईएमडी ने इस सप्ताह न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। रांची में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस, इसके बाहरी इलाके नामकुम और कांके में क्रमशः 3.7 और 4.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया जा सकता है। देश के उत्तर-पश्चिमी भागों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार के बाद न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है।
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?
राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, चुरू, कोटा, गंगानगर, भरतपुर, बीकानेर समेत कई जिलों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन में कई जगह बारिश होने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने सीकर में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री, करौली में 4.2 डिग्री, जालौर व संगरिया में 4.3 डिग्री, सिरोही में 4.4 डिग्री, चूरू और दौसा में 4.7 डिग्री और बारां जिले के अंता में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।
राजस्थान में कब बारिश होगी?
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के बीकानेर, जयपुर तथा भरतपुर संभाग में अभी कहीं कहीं शीतलहर व शीत दिवस दर्ज होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10-12 जनवरी के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में बादलों की गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 10 से 12 जनवरी तक बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश और आंधी-तूफान आएगा, जिससे ठंड बढ़ जाएगी। वहीं अब मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और अजमेर में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 11 जनवरी को सीकर, चूरू, झुंझुनू और अलवर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका है।
कश्मीर में कैसा मौसम है?
कश्मीर में ज्यादातर इलाकों का न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है और घाटी में ठंड का प्रकोप जारी है। हालांकि, कई दिनों से आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट आई है। उत्तर कश्मीर में गुलमर्ग को छोड़कर पूरी घाटी में न्यूनतम तापमान में कई डिग्री की गिरावट आई है, जिससे कश्मीर में ठंड बढ़ गई है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि उससे पहली रात यह शून्य से 8.2 डिग्री नीचे था। इससे यह घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा। IMD ने अगले दो दिनों में मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहने का अनुमान व्यक्त किया है और शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। घाटी में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है तथा आने वाले कुछ दिनों में अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर का अनुमान है।
क्या है चिल्ला-ए-कलां?
कश्मीर इस समय 'चिल्ला-ए-कलां' की चपेट में है, जो सर्दी के मौसम की सबसे ठंड अवधि होती है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। यह 21 दिसंबर से शुरू हुआ था। ‘चिल्ला-ए-कलां’ 30 जनवरी को समाप्त होगा। इसके बाद 20 दिनों का ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ और 10 दिनों का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ होगा है।
मुंबई का मौसम
महाराष्ट्र के ज्यादातर जिलों में सुबह शाम हल्की सर्दी का एहसास हो रहा है। राजधानी मुंबई का मौसम सामान्य है। दिन में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और रात्रि में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे सुबह-शाम सर्दी का एहसास हो रहा है।
कोल्ड डे किसे कहते हैं?
उत्तर भारत के कई राज्यों में कोल्ड डे जारी है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।
