शहर

अगले 50 घंटे रहेंगे भारी, 20 राज्यों में आंधी-तूफान, झमाझम पानी; ओलावृष्टि-वज्रपात से बरतें सावधानी

उत्तर भारत इन दिनों गर्मी की गिरफ्त से बाहर है! पिछले कई दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है, जो अगले दिनों भी मौसम को प्रभावित करेगा। उधर, हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर के कुछ ऊंचे स्थानों पर ओले गिरने और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हीटवेव के अलर्ट के बीच कमोबेश मौसम के यही हाल दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर और महाराष्ट्र के हिस्सों पर दिखाई दे सकते हैं।

Image

मौसम आज-कल

देशभर में गर्मी के बीच बादलों ने राहत बरत रखी है। पिछले कई दिनों से कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक जारी मौसमी गतिविधियों ने तापमान पर बड़ा असर डाला है, जिससे अधिकांश राज्यों में लू (हीटवेव) का असर लगभग खत्म सा हो गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर बरकरार रहेगा, जिससे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले स्थानों पर तेज आंधीनुमा हवाओं के साथ मध्यम बारिश और ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा। इस बेमौसम बारिश से राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार प्रभावित होंगे। बुधवार तक सभी राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने के साथ झमाझम बारिश, कहीं-कहीं ओले गिरने और वज्रपात की चेतावनी है। स्काईमेट ने 8 अप्रैल से लेकर अगले कई दिनों तक छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल के साथ पूर्वोत्तर के कई राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ भारी वर्षा की संभावना है। उधर, महाराष्ट्र और तेलंगाना समेत दक्षिण हिस्सों पर मेघ गर्जन के साथ बादलों के बरसने के संकेत हैं। मौसमी गतिविधियों के कारण अभी गर्मी से राहत की उम्मीद है।

यूपी का मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम का उतार-चढ़ाव किसानों के लिए चिंता का सबब बनता जा रहा है। पिछले 3 दिनों से पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां रिकॉर्ड की गईं। आईएमडी ने अगले 2 दिन का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश की संभावना है। खासकर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, औरैया और जालौन समेत बुंदेलखंड के कुछ हिस्सों में आंधी के साथ बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। वहीं, कानपुर, कानपुर देहात, उन्नाव, फतेहपुर, बांदा, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, मेरठ, मुजफ्फर नगर, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, संभल, अमरोहा और बदायूं समेत कई जिलों में मौसम खराब होने का अलर्ट है।

राजस्थान का मौसम कैसा है

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी है। मौसम केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले घंटों तक बादल छाए रहने और आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। लगातार जारी मौसमी गतविधियों के कारण पूरे राज्य में तापमान सामान्य से नीचे है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत है। फिलहाल, चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस व नागौर में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया। आईएमडी की मानें तो जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, कोटा और शेखावटी संभाग में गुरुवार तक रुक-रुक कर 30 से 50 मिलीमीटर किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, 10 अप्रैल से तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादलों की आवाजाही जारी है। पिछले तीन दिनों से मौसमी गतिविधियां होने से बढ़ते तापमान से लोगों को राहत मिली है। आईएमडी ने 7 और 8 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि इस दौरान मेघ गर्जन, तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। अगले 24 घंटे के दौरान एक या दो बार आंधी-तूफान और झमाझम पानी बरसने का अनुमान है। वहीं, 9 अप्रैल को भी आसमान आंशिक तौर पर बादलों से ढका रह सकता है। मौसमी गतिविधियां होने से अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाव, अगले 3 दिन तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी बनी रहेगी और सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस होगी। न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री और अधिकतम लगभग 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, आंधी और बारिश के कारण हवा की क्वालिटी में सुधार की गुंजाइश है, जिससे प्रदूषण से लोगों को राहत मिलेगी। फिलहाल, एक्यूआई 150 से नीचे पहुंच गया है।

एमपी का मौसम कैसा है

मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आईएमडी ने बताया कि बुधवार को कई जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। पिछले कई घंटों के दौरान आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के कारण अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान कई डिग्री सेल्सियस की कमी देखी गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत है। फिलहाल, नर्मदापुरम में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 से 36 घंटों के दौरान गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, मऊगंज, सतना, पन्ना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, विदिशा, राजगढ़, रतलाम, आगर, मंदसौर, नीमच और निवाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। उधर, ग्वालियर, दतिया, भिंड और मुरैना जिलों में आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि का खतरा जताया गया है। 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे आगे मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम

पहाड़ों पर लंबे समय से एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आईएमडी के मुताबिक, 9 अप्रैल तक लगातार हिमाचल प्रदेश में विक्षोभ के असर से मौसम खराब रहेगा, जिससे कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, रोहतांग दर्रा, शिमला, सिरमौर, मंडी, सोलन, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में करीब 60 किलोमीटर की रफ्तार वाली आंधी के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई जगहों पर ओले गिरने और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। लगातर मौसम के परिवर्तन से गर्मी से राहत रहेगी और कई स्थानों पर तेज सर्दी का एहसास होगा। उधर, जम्मू-कश्मीर के कई स्थानों पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण आंधी और बारिश की चेतावनी है और कई जगहों पर बर्फ और ओले गिरने का अलर्ट है। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही के कारण हल्की बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस

उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर बरकरार है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक राज्य के ऊंचाई वाले हिस्सों पर आंधी, बारिश और ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। खासकर, पिथौरागढ़, बागेश्वर, रूद्रप्रयाग, चमोली में बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को मौसम खराब रहेगा। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ मौसमी गतिविधियां होंगी। इस दौरान कई पर्वतीय स्थानों पर बर्फबारी की संभावना व्यक्त की गई है। इन मौसमी गतिविधियों के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी रहेगी, जिससे सुबह-शाम लोगों को सर्दी का एहसास होगा। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर शुष्क मौसम का अनुमान है।

तमिलनाडु-तेलंगाना में आंधी-बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव बना हुआ है, जिससे तमिलनाडु और तेलंगाना समेत कर्नाटक के कुछ हिस्सों पर आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, मन्नार की खाड़ी तक फैले क्षेत्र में निम्न दबाव प्रणाली के कारण अगले कुछ दिनों में तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में शुक्रवार तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। खासकर समुद्री तटीय और आंतरिक जिलों में मौसम का अलर्ट जारी किया गया है। वीकेंड पर पश्चिमी घाट और डेल्टा जिलों में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है। चेन्नई में मध्यम वर्षा से भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिलने है। मौसम विभाग के मुताबिक, ये मौसमी गतिविधियां प्री मानसून का बड़ा संकेत हैं। फिलहाल, दक्षिणी राज्यों में लू (Heatwave) की संभावना बढ़ रही है। कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।

8 अप्रैल बुधवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापामान
दिल्ली17°C29°C
चंडीगढ़16°C28°C
मुंबई26°C29°C
जयपुर17°C28°C
भोपाल20°C31°C
कोलकाता22°C31°C
चेन्नई27°C33°C
बेंगलुरु21°C35°C
रांची19°C30°C
पटना22°C35°C
लखनऊ21°C34°C
देहरादून13°C22°C
शिमला9°C18°C
कश्मीर4°C9°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article