Kal Ka Mausam ( कल का मौसम ) : देशभर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तेजी के साथ बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि, कुछ राज्यों में बेमौसम बारिश के कारण मौसम खुशनुमा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के सक्रिय रहने से अगले कुछ घंटों तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों पर आंधीनुमा हवाओं के साथ तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं, पूर्वोत्तर सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल में हल्की वर्षा का अनुमान है। आईएमडी ने बताया कि अगले कुछ घंटों तक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव रहने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज बर्फीली हवाओं के चलने से कड़ाके की ठंडी पड़ रही है। उत्तर भारत के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी गर्मी परेशान करेगी।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम कैसा है
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज सामान्य है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 से 4 दिन मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने वाला है, हालांकि 1 मार्च से तेज रुखी हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। इससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी और दिन में गर्मी महसूस की जाएगी। आईएमडी के मुताबिक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल, हवाओं की गति बढ़ने से एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में कमी आने की संभावना है। नोएडा में एक्यूआई 250, गाजियाबाद में एक्यूआई 310, आनंद विहार में एक्यूआई 330, चांदनी चौक में 275, बवाना में 240, अशोक विहार में 235और अलीपुर में 220 दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप के कारण लोगों को अब हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है।
यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य है। दिन में तेज धूप तो सुबह गुलाबी सर्दी से मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मार्च महीने की शुरुआत से अगले 4 दिनों तक 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चलने के आसार हैं, जिससे तापमान पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। हालांकि, रविवार को 2 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। उधर, पड़ोसी राज्य बिहार में मौसम में कोई परिवर्तन की संभावना नहीं है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे दिन काफी गर्म प्रतीत हो रहे हैं। हालांकि, सुबह और रात में ठंडक बनी हुई है।
एमपी-राजस्थान का मौसम
मध्य प्रदेश में मौसम काफी गर्म होता जा रहा है। अधिकतम तापमान 27 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जिससे दिन में काफी गर्मी प्रतीत हो रही है। वहीं, पड़ोसी राज्य राजस्थान में हालात कुछ इसी तरह हैं। कई शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल, दिन में गर्मी से बेचैनी होने लगी है। हालांकि, सुबह गुलाबी सर्दी का एहसास बना हुआ है।
हिमाचल-उत्तराखंड का मौसम
पहाड़ों पर एक्विट पश्चिमी विक्षोभ के कारण कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पिछले 2 दिन से बारिश एवं बर्फबारी की गतिविधियां दर्ज की गईं। हिमाचल में शिमला, मंडी, सोलन, बिलासपुर और कांगड़ा में बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे मौसम बदल गया। वहीं, कुल्लू, मनाली समेत कई ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी से कड़ाके की सर्दी का एहसास बना हुआ है। इधर, उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसमी गतिविधियां दर्ज की गई। खासकर, चमोली, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में बारिश एवं बर्फबारी होने से कड़ाके की सर्दी महसूस की जा रही है। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम साफ रहा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी जारी है।
तमिलनाडु में आंधी-बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में पिछले 10 दिनों से निम्म दबाव क्षेत्र बना हुआ है, जो साइक्लोनिक सर्कुलेशन में बदल गया है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत के राज्यों में आंधी-तूफान एवं बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि 1 मार्च को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में आंधी-तूफान व हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। वहीं, पूर्वोत्तर में एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण सिक्किम, पश्चिम बंगाल में बारिश की संभावना जताई जा रही है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 14°C | 31°C |
| मुंबई | 22°C | 28°C |
| चेन्नई | 23°C | 31°C |
| बेंगलुरु | 19°C | 31°C |
| चंडीगढ़ | 15°C | 28°C |
| जयपुर | 17°C | 30°C |
| भोपाल | 18°C | 31°C |
| जयपुर | 17°C | 30°C |
| लखनऊ | 17°C | 31°C |
| पटना | 18°C | 32°C |
| कोलकाता | 21°C | 32°C |
| देहरादून | 11°C | 23°C |
| शिमला | 7°C | 18°C |
| कश्मीर | 3°C | 12°C |
गर्मी कहां पड़ रही
देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।
