शहर

कैमूर में रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने बस को मारी टक्कर; बच्ची समेत 3 की मौत, 11 गंभीर

बिहार के कैमूर में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। जमशेदपुर से वाराणसी जा रही एक निजी बस को गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वाराणसी की एक मासूम बच्ची और एक महिला समेत तीन लोगों की जान चली गई है। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है, जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

Image

बिहार के कैमूर में बस-ट्रक की टक्कर

Photo : Times Now Digital

बिहार में कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर नशेज के पास रविवार सुबह बस और ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 11 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रविवार सुबह जमशेदपुर से वाराणसी जा रही एक बस की उल्टी दिशा से आ रहे ट्रक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। बस में लगभग 70 यात्री सवार थे।

तीन की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस एक होटल पर चाय-नाश्ते के लिए रुकी थी। यहां से करीब तीन किलोमीटर आगे बढ़ते ही सामने से आ रहा ट्रक अचानक डिवाइडर पार कर बस की लेन में घुस गया और तेज रफ्तार में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों में वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र निवासी दीपक पटेल की नौ वर्षीय पुत्री दीक्षिता कुमारी और भूलनपुर, वाराणसी निवासी आभा रानी की पहचान हो चुकी है। तीसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी है। हादसे के सभी घायलों को स्थानीय सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि कई का इलाज निजी क्लीनिक में चल रहा है। 11 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

रॉन्ग साइड से आ रहा था ट्रक

घटना की सूचना मिलते ही कुदरा पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। कुदरा थाने के एएसआई बीएन उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक रॉन्ग साइड से आया था। टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

इनपुट-आईएएनएस

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article