शहर

झारखंड के गढ़वा में दर्दनाक हादसा; ट्रक की टक्कर के बाद घर में घुसी स्कॉर्पियो, चार की मौके पर मौत

Garhwa Accident: झारखंड के गढ़वा जिले में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बेलचम्पा गांव में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और अज्ञात ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।

Image

घर में मौजूद लोग बाल-बाल बचे (सांकेतिक तस्वीर)

Photo : Times Now Digital

Garhwa Accident: झारखंड के गढ़वा जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सदर थाना क्षेत्र के बेलचम्पा गांव में देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो को अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बाल-बाल बचे घर के लोग

ट्रक की टक्कर के बाद स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे के दौरान घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि घर को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान पलामू जिले के पांडु और भंडार गांव के रहने वालों के रूप में हुई है। पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है।

शादी से लौट रहे थे मृतक

गढ़वा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि बेलचम्पा गांव में हुए हादसे में गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार से चारों शवों को बाहर निकाला गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर से जा टकराई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है और मामले की जांच जारी है। मृतक पलामू जिले के पांडू और विश्रामपुर थाना क्षेत्रों के निवासी थे, जो श्री वंशीधर नगर के बिलासपुर गांव में एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नरेन्द्र कुमार पासवान (30), जितेंद्र कुमार पासवान (28), बादल पासवान (18) और विक्की पासवान (18) के रूप में हुई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article