शहर

Jaunpur News: लव मैरिज के विवाद में बेटे ने कर दी माता-पिता की हत्या, गोमती में फेंके शव

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पारिवारिक विवाद के चलते एक बेटे ने अपने माता-पिता की हत्या कर दी और शव के टुकड़े करके गोमती नदी में फेंक दिए। पुलिस के अनुसार आरोपी अंबेश ने 8 दिसंबर को बहस के दौरान बट्टे से अपनी मां पर हमला किया और फिर पिता को भी मार डाला। घटना का खुलासा तब हुआ जब बड़ी बहन ने परिजनों के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है

Image

आरोपी बेटे और मृत माता-पिता की फाइल फोटो

Photo : Times Now Digital

Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां अपनी लव मैरिज के विवाद के चलते एक बेटे ने अपने ही माता-पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शवों के टुकड़े किए और उन्हें गोमती नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मां के शव की तलाश अब भी जारी है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अंबेश के रूप में हुई है। यह मामला तब सामने आया जब आरोपी की बड़ी बहन ने थाने में अपने माता-पिता और भाई के अचानक लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जब पुलिस ने जांच शुरू की तो शक की सुई बेटे पर जाकर टिक गई। कड़ी पूछताछ में अंबेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इंजीनियर बेटे ने लव मैरिज की थी, जिससे माता-पिता नाखुश थे।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने करीब छह साल पहले पश्चिम बंगाल की एक युवती से लव मैरिज की थी, जिससे उसके माता-पिता नाखुश थे और शादी तुड़वाना चाहते थे। अंबेश अपने परिवार के साथ कोलकाता में रहता था और हाल ही में जौनपुर आया था। 8 दिसंबर को पैसों और शादी को लेकर हुई बहस के दौरान वह गुस्से में आ गया और लोहे के बट्टे से अपनी मां की हत्या कर दी। पिता जब किसी को फोन करने लगे तो उसने उन्हें भी मार डाला। इसके बाद पूरी रात शवों को काटकर छह बोरियों में भरा और कार से गोमती नदी में फेंक दिया। पुलिस ने 15 दिसंबर को उसे गिरफ्तार किया और गोताखोरों की मदद से शवों की तलाश जारी है।

पारिवारिक विवाद में किया खून

एएसपी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि 8 दिसंबर को घर में अंबेश की अपने माता-पिता से तीखी बहस हुई थी। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में उसने पहले अपनी मां के सिर पर सिलबट्टे से हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपने पिता पर भी जानलेवा हमला किया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से शवों के टुकड़े किए। इसके लिए उसने आरी का इस्तेमाल किया और बाद में शव के हिस्सों को गोमती नदी में फेंक दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया सिलबट्टा, शव काटने की आरी और पिता का शव बरामद कर लिया है।

मां के शव की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि फिलहाल आरोपी की मां का शव बरामद नहीं हो सका है। गोमती नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, 3 दिनों से 15 गोताखोर शवों को तलाश रहे हैं। जल्द ही शव मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article