Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर में गुरुवार को एक भीषण हादसे में AC रिपेयरिंग करने वाला एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गड़ीसर चौराहे के पास जयनारायण व्यास कॉलोनी जाते समय बाइक पर रखा R-32 गैस सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ दो हिस्सों में फट गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि युवक हवा में उछलकर कई फीट दूर जा गिरा।
सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर
पूरी घटना पास की एक इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि एसी मैकेनिक चन्द्रप्रकाश माली अपने साथी सवाईराम के साथ बाइक पर जा रहा था। जैसे ही वे जयनारायण व्यास कॉलोनी पहुंचे और सवाईराम औजार लेने के लिए नीचे उतरा, चन्द्रप्रकाश की पीठ के सहारे रखा सिलेंडर 'बम' की तरह फट गया। ब्लास्ट होते ही चारों तरफ धुआं छा गया और युवक अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हालत गंभीर, जोधपुर रेफर
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल चन्द्रप्रकाश को राजकीय जवाहिर चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, धमाके के कारण उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया है।
घटिया क्वालिटी की आशंका
हादसे के बाद एसी विशेषज्ञों ने सिलेंडर की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय टेक्नीशियन स्वरूप ने बताया कि सिलेंडर जोधपुर से मंगवाया गया था, जिसमें R-32 गैस भरी थी। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडर हल्की गुणवत्ता का या 'चाइनीज' हो सकता है, जो गैस का दबाव झेलने में असमर्थ रहा। कोतवाली थाना एएसआई श्रवण कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। सिलेंडर के फटने के तकनीकी कारणों और इसकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि लापरवाही कहां हुई।
