जयपुर

Alwar के खैरथल में पानी की किल्लत, गुस्साई महिलाएं सड़कों पर उतरी

  • Agency by: Agency
  • Updated May 18, 2024, 05:09 PM IST

अलवर के खैरथल के नरवास गांव में पानी की किल्लत के कारण महिलाओं ने सड़क पर उतकर विरोध प्रदर्शन किया। यहां एक महीने से पानी की सप्लाई बंद है, जिस कारण पीने के पानी के लिए भी महिलाओं को इधर-उधर भटकना पड़ता है।

Image

अलवर के खैरथल में पानी की समस्या

Water Crisis in Alwar: गर्मी के मौसम में राजस्थान के अलवर जिले के खैरथल में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। पानी की समस्या से जूझ रही महिलाओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। बीलाहेडी पंचायत के नरवास गांव के मेघवाल बस्ती की दलित महिलाओं ने पीने के पानी की समस्या को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने सरपंच पर आरोप लगाया कि जब वह पानी की समस्या लेकर सरपंच के पास गईं तो उन्हे गाली दी गई।

एक महीने से बंद है वॉटर सप्लाई

महिलाओं का कहना है कि करीब एक महीने से मेघवाल बस्ती में पीने के पानी की सप्लाई पूरी तरह से बंद है। प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्या को स्थानीय प्रशासन के सामने भी रखा। इसके बावजूद भी समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया। महिलाओं ने बताया कि नहाना तो दूर की बात, पीने के पानी के लिए भी दिनभर इधर-उधर भटकना पड़ता है। इसके बाद भी स्थानीय प्रशासन की कुंभकरण वाली नींद खुलने का नाम नहीं ले रही है।

यहां का जलस्तर गिर रहा नीचे

बता दें, पानी की समस्या को लेकर जिले में आए दिन लोग विरोध-प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहे हैं। डार्क जोन में होने के कारण यहां का जल स्तर लगातार नीचे गिरता जा रहा है। जिसके कारण पानी की किल्लत हो रही है, अगर इसी तरह चलता रहा तो वो दिन दूर नहीं जब हर तरफ पानी के लिए कोहराम मच जाएगा।

End of Article