आगरा

आगरा: नल से घर-घर पहुंचना था गंगा जल, पहुंचा रहा सीवर का पानी..., सामने आई तीन जगह लीकेज की कहानी

आगरा के बालाजीपुरम में गंगाजल की लाइनों में लीकेज होने के कारण सीवर का पानी इसमें मिक्स हो रहा है और लोगों के घरों में दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। बालाजीपुरम के लोगों का कहना है कि सीवर की लाइनें डालते समय लापरवाही के कारण गंगाजल की लाइनें क्षतिग्रस्त हुईं।

Image

घरों में पहुंच रहा दूषित पानी (सांकेतिक फोटो)

Agra News: आगरा के बालाजीपुरम में गंगा जल की जगह दूषित पानी लोगों के घरों में पहुंच रहा है। दूषित पानी की इस समस्या का अब तक निराकरण नहीं हो पाया है। पाइप लाइन में लीकेज की वजह से गंगा जल के साथ सीवर का पानी मिक्स होकर घर-घर पहुंच रहा है। जल निगम की गंगाजल परियोजना इकाई की टीम ने पिछले दिनों कई जगह लीकेज की मरम्मत की थी। जिसके बाद पानी का टेस्ट भी कराया था, लेकिन शुक्रवार को फिर से गंगाजल की लाइन तीन जगह पर क्षतिग्रस्त मिली है। जिसकी वजह से लोगों के घरों में दूषित जल की आपूर्ति हो रही है।

लापरवाही के कारण लाइनें हुईं क्षतिग्रस्त

आगरा में गंगाजल की लाइने बिछाने के बाद सीवर की लाइनों को डाला गया था। दो साल पहले ही सीवर की लाइने डाली गई थीं। सीवर लाइन डालते समय लापरवाही के कारण गंगाजल की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई। जल निगम की इस लापरवाही का खामियाजा बालीजपुरम के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले दिनों गंगाजल की लाइनों में लीकेज की मरम्मत की गई। लेकिन अभी भी लोगों के घरों में दूषित पानी ही पहुंच रहा है। जिस कारण एक गली के पानी को दूसरी गली में जाने से रोकने के लिए शुक्रवार को वाल्व भी लगाए गए। गंगाजल की लाइनों में अभी भी तीन जगहों पर लीकेज की समस्या है, इनकी मरम्मत का कार्य कराया गया है। मरम्मत कार्य के बाद जल निगम अन्य लीकेज की जांच कर रहा है।

लाइनों में लीकेज की हो रही जांच

गंगाजल परियोजना इकाई के परियोजना प्रबंधक एहतिशाम ने बताया कि बालीजीपुरम क्षेत्र में तीन स्थानों पर लीकेज की तलाश के बाद टीम ने यहां मरम्मत कार्य किया है। उन्होंने बताया कि अन्य स्थानों पर भी गंगाजल की लाइनें चेक कराई जा रही हैं। वहीं बालाजीपुरम में नल में दूषित पानी आने को लेकर इलाके के लोगों का कहना है कि विभागों की लापरवाही के कारण आम लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें