जयपुर

Jaipur Gas Tanker Accident: LPG गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पलटा, 1 शख्स की मौत, दूर तक सुनाई दी धमाकों की आवाज

देर रात जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक को एक ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इस टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और उसमें आग लग गई, जिसके बाद एलपीजी सिलेंडर में लगातार धमाके होते रहे। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत की खबर सामने आई है। घायलों की संख्या को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

Image

जयपुर-अजमेर हाईवे पर गैस सिलेंडर से भरा ट्रक पलटा (फोटो - ANI)

Jaipur Gas Tanker Accident: जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सावरदा पुलिया के पास देर रात एक बड़ा और भयावह हादसा हुआ। यहां एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक पलट गया और उसके बाद उसमें आग लग गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल भेजा है। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान ट्रक में रखे एलपीजी सिलेंडर में लगातार धमाके होने लगे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, इस हादसे की चपेट में करीब 7 गाड़ियां आ गई।

बता दें कि ट्रक पलटने और सिलेंडरों में हो रहे विस्फोट के बाद से हाईवे पर भारी जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली। हादसे की सूचना पर मौके पर पुलिस की टीम और दमकल की टीम पहुंची और आग को बुझाने का काम शुरू किया गया है। अभी तक घायलों की संख्या को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।

10 किलोमीटर तक सुनाई दिए विस्फोट

बताया जा रहा है कि हाईवे पर एलपीजी गैस सिलेंडर से भरा ट्रक सड़क किनारे खड़ा हुआ था। पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी, जिसके कारण ट्रक पलट गया। ट्रक पलटने के बाद सिलेंडर दूर खेतों तक जाकर गिरे और लगातार फटते रहे। इन धमाकों की आवाज करीब 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आग की ऊंची लपटों और विस्फोटों से पूरा इलाका गूंज उठा। इस दौरान गनीमत केवल यह रही कि हादसा बस्ती से थोड़ा दूर हुआ।

सीएम ने दिए उपचार के निर्देश

जयपुर कलेक्टर जितेंद्र कुमार सोनी ने दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव को एसएमएस अस्पताल लाया गया है।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हृदयविदारक घटना पर दुख व्यक्त किया और जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा को सूचना मिलते ही वह तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article