Sikar Family Death Case: राजस्थान के सीकर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। पालवास रोड स्थित अनिरुद्ध रेजिडेंसी के एक फ्लैट में एक महिला ने अपने चार बच्चों के साथ कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार मृतकों में किरण (35) और उसके चार बच्चे—सुमित (18), आयुष (4), अवनीश (3) और बेटी स्नेहा (13) शामिल हैं।
सीकर सदर थानाधिकारी इंद्राज मरोदिया ने बताया कि शनिवार सुबह फ्लैट से तेज बदबू आने की शिकायत मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खोलने में काफी मशक्कत की और पहले इत्र व अगरबत्तियों का इस्तेमाल कर दुर्गंध कम की। जब फ्लैट का निरीक्षण किया गया तो सभी पांचों शव सड़े-गले और काले पड़े मिले। शुरुआती जांच में संदेह जताया जा रहा है कि परिवार ने दो-तीन दिन पहले जहर खाकर जान दे दी थी।
जहरीले पदार्थ के 10 पैकेट बरामद
पुलिस ने फ्लैट से जहरीले पदार्थ के 10 पैकेट बरामद किए हैं, जिनमें से आठ का उपयोग हुआ था। मृतका किरण, जिसे सोशल मीडिया पर पिंकी चौधरी के नाम से जाना जाता था, अपने पति से अलग रह रही थी। जानकारी के अनुसार किरण की दो शादियां हुई थीं। पहली शादी से उसके दो बच्चे थे, जबकि दूसरी शादी से दो और बच्चे हुए—सुमित और स्नेहा। सीओ धोद सुरेश शर्मा ने बताया कि फ्लैट लगभग एक सप्ताह से बंद था और अंदर से लगातार दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जयपुर में किराए के मकान में मिले शव
वहीं, जयपुर में एक बुजुर्ग व्यक्ति, उनकी पत्नी और बेटे को किराए के मकान में मृत पाया गया। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह जब कमरे का दरवाजा लंबे समय तक नहीं खुला, तो मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी दरवाजा तोड़कर अंदर गए और तीनों के शव बरामद किए। करणी विहार थानाधिकारी हवा सिंह ने बताया कि मृतक रूपेंद्र शर्मा (63), उनकी पत्नी सुशीला शर्मा (58) और उनका बेटा पुलकित शर्मा (32) हैं। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि परिवार ने रात में जहर खा लिया था। पुलिस के अनुसार, आर्थिक तंगी के कारण यह कदम उठाया गया हो सकता है। मामले की जांच अभी जारी है।
(इनपुट - भाषा)
