जयपुर

राजस्थान के भरतपुर में ग्रामीणों पर गिरी मिट्टी की ढाय, 4 लोगों की मौत, सीएम भजनलाल ने जताया दुख

Bharatpur News: राजस्थान के भरतपुर के रूपवास इलाके में मिट्टी की ढाय गिरने से तीन महिलाओं समेत एक युवक की मौत हो गई है। इस हादसे पर प्रदेश के सीएम भजनलाल ने दुख जताया है। हादसे में घायल हुए लोगों को समुचित चिकित्सकीय सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।

Image

राजस्थान के भरतपुर में ग्रामीणों पर गिरी मिट्टी की ढाय

Bharatpur News: राजस्थान के भरतपुर के रूपवास इलाके में ग्रामीणों के ऊपर मिट्टी की ढाय गिर जाने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि रूपवास इलाके में पाइप लाइन डालने के दौरान मिट्टी को निकालने गए करीब 10 से ज्यादा महिलाएं और पुरुष दब गए। हादसे में तीन महिला समेत एक युवक की मौत हो गई। कुछ लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, घायलों को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भरतपुर हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को समुचित चिकित्सकीय सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।

हादसे पर सीएम ने जताया दुख

सीएम भजनलाल शर्मा ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भरतपुर के रूपवास क्षेत्र में मिट्टी ढहने की दर्दनाक घटना में हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुखद है। घायलों को समुचित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा घायलों को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "भरतपुर में पाइप लाइन डालने के दौरान मिट्टी ढहने से हुए दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें। मेरी शोक संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।"

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दुख जताते हुए एक्स किया पोस्ट

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भरतपुर हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पोस्ट में लिखा, "यह बेहद दुखद है कि भरतपुर में मिट्टी ढहने की घटना में तीन लोगों की मृत्यु हो गई तथा तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें, उनके परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें, तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो। राज्य सरकार यह सुनिश्चित करे कि ऐसे प्रोजेक्ट्स में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन हो एवं कोई लापरवाही न बरती जाए।"

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article