Rajasthan Weather Today: राजस्थान में बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में झमाझम बारिश हो रही है तो वहीं कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है और तापमान में भी कमी आई है। लेकिन भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इतना ही नहीं भारी बारिश और जलजमाव की स्थिति को देखते हुए राजधानी जयपुर में सभी राजकीय व गैर राजकीय विद्यालयों में अवकाश की घोषणा की गई है। मौसम विभाग इस बीच मानसूनी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिसके आधार पर 4 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आइए आपको बताएं आज राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है -
राजस्थान में जारी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
राजस्थान के कई जिलों में पिछले कई दिनों के बारिश का सिलसिला जारी है। यहां लगातार हो रही बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन जलभराव के कारण लोगों को कई समस्याओं का सामना भी करना पड़ रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार राजधानी जयपुर, अलवर, धौलपुर, झुंझुनू, सीकर, भरतपुर और दौसा में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि भीलवाड़ा, पाली, करौली, अजमेर, नागौर, सवाई माधोपुर, चूरू, जोधपुर और बीकानेर में गरज-चमक के साथ मध्यम स्तर की बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
हल्की बारिश की संभावना
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, सिरोही, उदयपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, बारां, कोटा और बूंदी में हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा प्रदेश में मौसम का हाल
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 4 अगस्त तक राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 3 और 4 अगस्त को कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, 3 अगस्त को बारां, बांसवाड़ा, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़ में अति भारी बारिश और भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर और सवाई माधोपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 4 अगस्त को विभाग ने अजमेर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, राजसमंद, प्रतापगढ़, कोटा, सिरोही, टोंक, उदयपुर और पाली में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नागौर, जोधपुर, जालौर, सवाई माधोपुर, जयपुर, दौसा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अति भारी बारिश के अलर्ट के साथ लोगों को आवश्यकता पड़ने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है।
