जयपुर

Jaipur Police Encounter: पंजाब का गैंगस्टर जयपुर में खाकी से भिड़ा, गोलियों की बौछार के बीच हुआ ये

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 21, 2022, 01:02 PM IST

Jaipur Police Encounter: पंजाब के फरीदकोट में डेराप्रेमी की हत्या का आरोपी नामी बदमाश राज हुड्डा जयपुर में स्टूडेंट बन किराए के कमरे में छिपा था। पंजाब पुलिस को जानकारी मिली तो जयपुर पुलिस की मदद से बदमाश को पकड़ने गई। गैंगस्टर ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके घुटने में गोली लग गई। पंजाब पुलिस के डीजीपी ने ट्वीट कर मामले की पुष्टि कर टीम को बधाई दी।

Image

जयपुर में स्टूडेंट बनकर छिपा था पंजाब का मोस्ट वांटेड बदमाश (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • कुख्यात बदमाश राज हुड्डा जयपुर में स्टूडेंट बनकर छिपा था
  • गैंगस्टर पर पंजाब के फरीदकोट में डेराप्रेमी की हत्या का है आरोप
  • पुलिस ने ललकारा तो बदमाश ने बरसाई गोलियां

Jaipur Police Encounter: राजधानी जयपुर में स्टूडेंट बनकर छिपे पंजाब के मोस्ट वांटेड बदमाश व जयपुर पुलिस के बीच गोलियों की बौछार हुई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है। इसके बाद पुलिस ने बदमाश को दबोचकर अस्पताल में एडमिट कमरवाया। वारदात जयपुर रामनगरिया इलाके की ज्ञान विहार कॉलोनी में हुई। एडिशनल डीसीपी अपराध सुलेश चौधरी ने बताया कि, गैंगस्टर राज हुड्डा गत कई दिनों से जयपुर में छिपा था। पंजाब पुलिस को बदमाश के जयपुर में फरारी काटने की जानकारी मिली। इसके बाद पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के प्रभारी डीएसपी विक्रम बराड़ ने जयपुर पुलिस से मदद मांगी थी। इसके बाद कमिश्नरेट स्पेशल टीम व एंटी टेरर स्क्वॉयड की मदद से बदमाश राज हुड्डा को पकड़ने के लिए उसके कमरे पर दबिश दी गई।

डीसीपी के मुताबिक, इस दौरान बदमाश ने मौके से भागने का प्रयास किया मगर पंजाब पुलिस ने घेर लिया। इसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पांव में गोली लग गई। पुलिस टीम गैंगस्टर को दबोचकर सवाई मानसिंह अस्पताल ले गई। उसका इलाज कर रही डाक्टरों की टीम के मुताबिक, गोली बदमाश के घुटने के आरपार हो गई। जिसका अब ऑपरेशन किया जाएगा। मामले की पुष्टि को लेकर पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने ट्वीट किया है। उन्होंने पंजाब व राजस्थान पुलिस को ऑपरेशन सफल होने की बधाई दी है।

गोलियों की आवाज सुन लोग घरों में दुबके

ज्ञान विहार कॉलोनी में एकाएक चली गोलियों की आवाज सुन लोग सहम गए। फायरिंग की आवाज सुनकर बाहर आए मगर इसके बाद डरकर घरों में दुबक गए। डीसीपी सुलेश चौधरी के मुताबिक, बदमाश कॉलोनी में छात्र बनकर किराए के कमरे में रह रहा था। इसकी पुख्ता जानकारी मिलने के बाद घर को चारों ओर से घेर लिया गया। इसके बाद गैंगस्टर राज हुड्डा को बाहर आने के लिए माइक पर चेतावनी दी गई। मगर उसने पुलिस पर गोलियां बरसानी आरंभ कर दी। डीसीपी के मुताबिक, बदमाश के साथ दो युवक हैप्पी व साहिल भी कमरे में रह रहे थे। पुलिस अब उनसे भी पूछताछ कर रही है। वहीं मकान मालिक ने बिना पुलिस वेरिफिकेशन के कमरा किराए पर दे दिया। इसकी भी जांच की जा रही है। डीसीपी के मुताबिक, राज हुड्डा पर पंजाब के फरीदकोट में एक डेरा प्रेमी की हत्या करने का आरोप है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article