Jaipur: राजधानी जयपुर की जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने कार और 7 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को अरेस्ट किया है। वहीं एक नाबालिग को भी निरूद्ध किया है। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने सांगानेर इलाके के बीलवा निवासी पीड़ित को युवती के नाम से फेक आईडी बनाकर अपने जाल में फंसाया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को जवाहर सर्किल स्थित एक कैफे में बुलाया।
इसके बाद आरोपियों ने कार सवार पीड़ित को जबरन बंधक बना एक सुनसान स्थान पर ले गए। इसके बाद जबरन उसके अकाउंट से 7 लाख रुपए ट्रांसफर कर लिए व उसकी कार लूट फरार हो गए। डीसीपी ईस्ट राजीव पचार के मुताबिक, अपने साथ हुई लूट की घटना के बाद पीड़ित ने 21 जनवरी को पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद हरकत में आई पुलिस के द्वारा जवाहर सर्किल थाने मे बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। वहीं पुलिस की टेक्निकल टीम लगातार बदमाशों का सुराग लगाने में जुटी रही। इस बीच बदमाशों की लोकेशन शहर के आसपास मिली। इसके बाद टीम ने ऑपरेशन शुरू कर चारों बदमाशों को दबोच लिया।
