जयपुर

BSF ने नाकाम की घुसपैठ की कोशिश, रात के अंधेरे में भारत में घुसा पाकिस्तानी युवक गिरफ्तार; जांच जारी

बीएसएफ ने भारत–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक पाकिस्तानी युवक को घुसपैठ की कोशिश के दौरान पकड़ लिया। युवक रात के अंधेरे में भारतीय सीमा में करीब 200 मीटर तक प्रवेश कर गया था और स्थानीय गायों के बाड़े में छिपा हुआ था। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की सूचना पर BSF ने उसे हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।

BSF ने नाकाम की घुसपैठ की कोशिश, रात के अंधेरे में भारत में घुसा पाकिस्तानी युवक गिरफ्तार; जांच जारी

Barmer News: भारत–पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ लिया। युवक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में करीब 200 मीटर अंदर तक घुस आया था। वह स्थानीय ग्रामीणों के गायों के एक बाड़े में छिपकर बैठा था। घटना बाड़मेर के दीपला बीओपी ढाणी क्षेत्र की है। ग्रामीणों ने सुबह गायों के बाड़े में एक संदिग्ध युवक को छिपा देखा और तत्काल BSF को सूचना दी।

संदिग्ध वस्तु या हथियार बरामद नहीं

बीएसएफ जवान मौके पर पहुंचे और युवक को दबोच लिया। पकड़े जाने के बाद BSF ने प्रारंभिक पूछताछ की। पूछताछ में पाकिस्तानी नागरिक ने अपना नाम हिंदाल (24) पुत्र बरसा, निवासी नयातला, तहसील छाछरो, जिला मीठी (पाकिस्तान) बताया। युवक से किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या हथियार बरामद नहीं हुआ है। BSF ने युवक को आवश्यक औपचारिकताओं के बाद सेड़वा थाना पुलिस को सौंप दिया। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि युवक ने कौन से बॉर्डर पिलर से घुसपैठ की।

मामले की जांच जारी

जानकारी के मुताबिक, उसके पैरों के निशानों की भी तलाश की जा रही है, ताकि घुसपैठ के रास्ते की पुष्टि हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। BSF की औपचारिक रिपोर्ट के बाद मामले की विभिन्न एजेंसियों द्वारा JIC (ज्वाइंट इंटरोगेशन सेंटर) में जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां युवक के भारतीय सीमा में आने के उद्देश्य और संभावित संपर्कों की तहकीकात कर रही हैं। सीमा पर BSF की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित सुरक्षा खतरे को समय रहते रोक लिया गया।

लेटेस्ट न्यूज

लखवीर सिंह शेखावत
लखवीर सिंह शेखावत Author

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में टाइम्स नाउ में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान ... और देखें

End of Article