Anta Assembly Byelection: राजस्थान के बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पार्टी ने बारां पंचायत समिति के प्रधान मोरपाल सुमन को मैदान में उतारा है। मोरपाल सुमन अब कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया के सामने चुनावी मुकाबले में होंगे।
भाजपा ने मोरपाल सुमन पर लगाया दांव
भाजपा ने लंबे मंथन के बाद मोरपाल सुमन के नाम पर मुहर लगाई है। बताया जा रहा है कि संगठन से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक कई नामों पर चर्चा चली, लेकिन अंततः स्थानीय समीकरण और सादगीभरी छवि के कारण मोरपाल सुमन को टिकट देने पर सहमति बनी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सुमन की छवि एक लो-प्रोफाइल लेकिन जनसेवक नेता के रूप में है। वे क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं और जनता के बीच मजबूत पकड़ रखते हैं।
अंता विधानसभा सीट पर यह उपचुनाव भाजपा विधायक कंवर लाल मीणा के निलबन के बाद हो रहा है। दरअसल कांवड़ लाल मीणा एक आपराधिक मामले में जेल काट रहे हैं। जिसके चलते राजस्थान विधानसभा से उनकी सदस्यता निलंबित कर दी गई थी। जिसके बाद अब इस सीट पर चुपचुनाव हो रहा है। और भाजपा ने मोरपाल सुमन को मैदान में उतारा है।
दरअसल, भाजपा ने प्रमोद जैन भाया की राजनीतिक विरासत को चुनौती देने के लिए एक स्थानीय और जातीय समीकरणों में फिट उम्मीदवार को आगे किया है। मोरपाल सुमन जिस वर्ग से आते हैं, वो अंता विधानसभा क्षेत्र में निर्णायक मतदाता माने जाते हैं। पार्टी के भीतर यह भी माना जा रहा है कि सुमन जैसे सादे और साफ-सुथरी छवि वाले उम्मीदवार के जरिये बीजेपी जनता के बीच सकारात्मक संदेश देना चाहती है। अब देखना होगा कि क्या मोरपाल सुमन कांग्रेस के मजबूत गढ़ में सेंध लगाने में सफल हो पाते हैं या नहीं।
