जयपुर

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 13 अक्टूबर को जयपुर दौरे पर, करेंगे कई बड़ी घोषणाएं और शिलान्यास

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 13 अक्टूबर को जयपुर दौरे पर रहेंगे, जहां वे 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत करेंगे। शाह राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इसके साथ ही वे कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन कर कानून-व्यवस्था और सुशासन पर चर्चा करेंगे।

Image

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 13 अक्टूबर को जयपुर दौरे पर, करेंगे कई बड़ी घोषणाएं और शिलान्यास

Jaipur News: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 13 अक्टूबर को राजस्थान की राजधानी जयपुर का दौरा करेंगे। शाह का यह दौरा कई अहम कार्यक्रमों और विकास योजनाओं से जुड़ा हुआ है। शाह इस दौरान जेईसीसी, सीतापुरा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे, जहां वे भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के लागू होने के बाद एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित छह दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का शुभारंभ

अमित शाह अपने दौरे के दौरान प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के तहत रजिस्ट्रेशन पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। साथ ही, वे विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म वितरित करेंगे और दुग्ध उत्पादकों को सब्सिडी राशि का ऑनलाइन हस्तांतरण भी करेंगे।

महिला सुरक्षा और एफएसएल को मिलेगी मजबूती

कार्यक्रम के दौरान शाह महिला सुरक्षा से संबंधित पेट्रोलिंग वाहनों, स्कूटी और मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) को आधुनिक वाहनों की सौगात दी जाएगी, जिससे जांच प्रक्रियाओं में तेजी और दक्षता आएगी।

कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में करेंगे समीक्षा

राज्य सरकार द्वारा 13 अक्टूबर से जयपुर में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (Superintendent of Police) द्वारा कॉन्फ्रेंस का आयोजन भी किया जा रहा है। इस सम्मेलन में कानून-व्यवस्था, सुशासन, भू-प्रबंधन और सामाजिक-आर्थिक योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। अमित शाह इस कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।

विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण

राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के तहत मिले निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में भी अमित शाह हिस्सा लेंगे। इस मौके पर वे विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे, जिनसे राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है। अमित शाह का यह दौरा पिछले तीन महीनों में राजस्थान का तीसरा दौरा होगा। उनके इस दौरे को राज्य में विकास और प्रशासनिक सुधारों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article