शहर

Delhi News: दिल्ली से महाराष्ट्र तक फैले कार चोरी सिंडिकेट का पर्दाफाश, 11 लग्जरी कारें बरामद

दिल्ली पुलिस की एंटी-ऑटो-थेफ्ट स्क्वॉड ने एक बड़े अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। जिसमें दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गाय है। साथ ही अलग-अलग राज्यों से चोरी की गई 11 लग्जरी कारें भी बरामद की गईं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।

CRIME

दिल्ली में वाहन चोरी सिंडिकेट का भंडाफोड़

Delhi News: दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस की एंटी-ऑटो-थेफ्ट स्क्वॉड ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोरी सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से चोरी की गई कुल 11 लग्जरी कार बरामद की गई हैं, जिन्हें फर्जी दस्तावेजों के जरिए दोबारा रजिस्टर कर बेचा जा रहा था।

जामिया नगर इलाके से चोरी हुई कार

इस मामले की शुरुआत 28 दिसंबर 2025 को हुई, जब थाना जामिया नगर में ई-एफआईआर संख्या 034942/2025 धारा 305 (बी) बीएनएस के तहत दर्ज की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी मारुति एस-प्रेसो कार 27 और 28 दिसंबर की दरम्यानी रात जामिया नगर इलाके से चोरी हो गई थी। शुरुआती जांच में ही पुलिस को इस चोरी के पीछे किसी संगठित गिरोह की आशंका हुई, जिसके बाद मामले की जांच एएटीए दक्षिण-पूर्व जिला को सौंपी गई।

ऐसे हुआ अंतरराज्यीय वाहन चोरी गैंग का पर्दाफाश

1 जनवरी को एसआई जितेंद्र और हेड कांस्टेबल शेर सिंह को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश, मुंबई, पुणे और महाराष्ट्र के अन्य इलाकों में सक्रिय चोरी के वाहनों का एक बड़ा रिसीवर कई लग्जरी गाड़ियां अपने कब्जे में रखे हुए है और इस केस से जुड़ी चोरी की गई एस-प्रेसो कार भी उसी के पास है। तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से इस सूचना को पुख्ता किया गया। इसके बाद निरीक्षक अजय दलाल की निगरानी और एसीपी ऑप्स/एसईडी रतन लाल के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने ठोस इनपुट के आधार पर मुंबई के बांद्रा इलाके से कुणाल सुभाष जायसवाल नामक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी के साथ दिल्ली से चोरी की गई एक हुंडई क्रेटा कार बरामद की गई और आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर 3 जनवरी को टीम का एक हिस्सा मुंबई के धारावी इलाके पहुंचा, जहां सेकेंड हैंड कारों की खरीद-फरोख्त का कारोबार करने वाले 25 वर्षीय मोहम्मद अमान को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से भी एक चोरी की गई क्रेटा कार बरामद हुई, जो दिल्ली से चोरी होना पुष्टि हुई।

चेसिस नंबर बदलकर बेचते थे चोरी की कारें

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कुणाल एक संगठित अंतरराज्यीय वाहन चोरी और धोखाधड़ी सिंडिकेट का मास्टरमाइंड है। वह चोरी की गई, लोन डिफॉल्ट और दुर्घटनाग्रस्त (टोटल लॉस) गाड़ियों को हासिल कर उनके चेसिस नंबर से छेड़छाड़ करता था। वाहनों के चेसिस नंबर का दुरुपयोग कर फर्जी सेल लेटर और नकली बैंक एनओसी के आधार पर इन गाड़ियों का दोबारा पंजीकरण कराया जाता था। इसके बाद इन गाड़ियों को सस्ते दामों पर भोले-भाले ग्राहकों को बेच दिया जाता था।

पूछताछ में कुणाल ने खुलासा किया कि उसने कई चोरी की गाड़ियां फर्जी रजिस्ट्रेशन के साथ पुणे निवासी दर्शन, मुंबई निवासी अमान, कोल्हापुर निवासी नीम और जालना निवासी शेख काशिफ को बेची थीं। उसने यह भी बताया कि वाहन चोरी का काम बुलंदशहर निवासी काशिफ और हसन करते थे, जिनमें से हसन फिलहाल उत्तर प्रदेश की जेल में बंद है।

महाराष्ट्र के कई शहरों से चोरी की गाड़ियां बरामद

जांच के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर महाराष्ट्र के पुणे, कोल्हापुर और जालना से कई चोरी की गई गाड़ियां बरामद की गईं। सत्यापन में पाया गया कि इन सभी वाहनों के चेसिस नंबर से छेड़छाड़ की गई थी और इन्हें फर्जी व कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर रजिस्टर कराया गया था, ताकि इनके चोरी होने की पहचान छुपाई जा सके। 20 जनवरी 2026 को इस गिरोह के मुख्य वाहन चोर काशिफ, निवासी बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश), को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर एक चोरी की गई मारुति वैगन-आर कार बरामद की गई। फिलहाल इस केस में कुल 11 चोरी की गई और धोखाधड़ी से रजिस्टर की गई गाड़ियों की बरामदगी हो चुकी है।

गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और आगे और भी गाड़ियों की बरामदगी की संभावना है। जांच में यह भी सामने आया है कि यह सिंडिकेट बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। दिल्ली से चोरी की गई गाड़ियों को महाराष्ट्र ले जाया जाता था, जहां उनके मूल चेसिस नंबर बदल दिए जाते थे। बीमा कंपनियों से हासिल किए गए दस्तावेजों और फर्जी कागजात के जरिए इन वाहनों को वैध दिखाकर बाजार में उतारा जाता था।

गिरफ्तार आरोपी कुणाल सुभाष जायसवाल (23) मुंबई का रहने वाला है और ग्रेजुएट है। वह इससे पहले भी क्राइम ब्रांच के एक गंभीर मामले में शामिल रह चुका है। वहीं, बुलंदशहर निवासी काशिफ पर पहले से ही वाहन चोरी, एटीएम लूट और अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं और उसका आपराधिक नेटवर्क पारिवारिक स्तर तक फैला हुआ है। इस मामले में आगे जांच अभी जारी है।

(इनपुट - IANS)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
Pooja Kumari author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article