Delhi Traffic Restrictions on Yoga Day : देशभर में 21 जून यानी रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। देश के साथ विदेशों में योग की झलक दिखाई दे रही है। दिल्ली में भी इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में 40 जगहों पर योग दिवस के खास कार्यक्रम होंगे, जिसमें जनपथ पर एक मुख्य कार्यक्रम भी शामिल है, जिसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शामिल होंगे। उधर, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में में केंद्रीय युवा मामले और खेल और श्रम और रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और अभिनेता अक्षय कुमार हिस्सा लेंगे। 'स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग' थीम पर आधारित योग सेशन में लगभग 3000 लोग हिस्सा लेंगे। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुबह से ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी कर लोगों से सुबह के समय कुछ प्रमुख मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, योग दिवस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। लाल किले के आसपास करीब 30 हजार लोगों की मौजूदगी रहने का अनुमान है। कार्यक्रम के लिए लगभग 200 बसें और 2,000 कारें पहुंचेंगी, जिनकी पार्किंग परेड ग्राउंड, सुनहरी मस्जिद और तिकोना पार्क सहित निर्धारित स्थलों पर की जाएगी। बसों को लाल किले के पीछे रिंग रोड की सर्विस लेन में खड़ा किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे सुबह 10 बजे तक कार्यक्रम स्थल और उससे जुड़े मार्गों पर जाने से बचें। अधिकारियों का कहना है कि इससे लाल किले और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।
इन सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक दबाव
योग दिवस कार्यक्रमों के दौरान सुबह 5 बजे से 9:30 बजे तक नेताजी सुभाष मार्ग, निषाद राज मार्ग, रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड, मौलाना आजाद रोड, कर्तव्य पथ, कृष्णा मेनन मार्ग और राजेंद्र प्रसाद मार्ग पर यातायात प्रभावित रह सकता है। लोगों को इन मार्गों से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
ये वैकल्पिक मार्ग रहेंगे खुले
यातायात पुलिस के मुताबिक रिंग रोड, मथुरा रोड, भैरों मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड, तुगलक रोड और मदर टेरेसा क्रिसेंट मार्ग पर सामान्य आवागमन जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर इन मार्गों का उपयोग किया जा सकता है।
योग दिवस पर कब शुरू होगी मेट्रो
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने भी यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। डीएमआरसी के अनुसार, शुक्रवार को सभी मेट्रो लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4 बजे से मेट्रो सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। सुबह 6 बजे तक ट्रेनें 30-30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी, जिसके बाद सामान्य समय-सारिणी लागू हो जाएगी। डीएमआरसी का कहना है कि योग दिवस कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों को विभिन्न स्थलों तक आसानी से पहुंचाने के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
डीएमआरसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अनुज दयाल ने बताया कि सभी मेट्रो लाइनों पर सुबह 4 बजे से ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। हालांकि, कुछ रूटों पर पहली ट्रेन के समय में मामूली बदलाव किया गया है। लाइन-9 पर द्वारका से ढांसा बस स्टैंड के लिए पहली मेट्रो सुबह 4:15 बजे रवाना होगी, जबकि लाइन-5 पर कीर्ति नगर से ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेशन के लिए पहली ट्रेन सुबह 4:10 बजे चलेगी।
डीएमआरसी के अनुसार, सुबह 4 बजे से 6 बजे तक सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेनें 30-30 मिनट के अंतराल पर संचालित की जाएंगी। इसके बाद नियमित रविवार समय-सारिणी के अनुसार सेवाएं जारी रहेंगी। मेट्रो प्रशासन का कहना है कि योग दिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को सुगम और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सके।
