Indore News: इंदौर में मंगलवार को एक दंपति की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है। उनके घर से दोनों के शव बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार पति की लाश पंखे से लटकी हुई मिली और पत्नी का शव दूसरे कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी और आपसी विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दो बच्चों के साथ किराए पर रहते थे दंपति
जानकारी के अनुसार, यह घटना परदेशीपुरा पुलिस स्टेशन के तहत नंदपुरा इलाके की है। मृतकों की पहचान 43 वर्षीय एकनाथ वाघ और उनकी पत्नी 40 वर्षीय रोहिणी वाघ के रूप में हुई है। वे अपने 13 वर्षीय और 16 वर्षीय बेटों के साथ नंदपुरा स्थित एक किराए के फ्लैट में रहते थे। पुलिस के अनुसार, घटना के समय एकनाथ ने अपने दोनों बेटों को दूध लाने के लिए पास की से दूध लाने के लिए भेजा था। करीब 20 मिनट बाद जब बच्चे घर वापस आए, तो उन्होंने अपने पिता को फंदे से लटका हुआ पाया और उनकी मां बेड पर अचेत हालत मिली। दोनों ने घबराकर पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ADCP) अमरेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए इंदौर जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कि पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता। आशंका जताई जा रही है कि एकनाथ ने पहले पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। जिसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने कहा है कि इस बात की अभी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
नौकरी छोड़ शेयर बाजार में एक्टिव था शख्स
जांच के दौरान यह भी पता चला कि एकनाथ पहले एक दुकान पर मोटर मैकेनिक का काम करता था। लेकिन उसने कुछ महीनों पहले अपनी नौकरी छोड़ दी और शेयर बाजार में एक्टिव हो गया था। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह पता चल पाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों व अन्य लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
