शहर

कोलकाता से पटना जा रहा था इंडिगो का विमान, अचानक लखनऊ में हुई इमरजेंसी लैंडिंग; 180 यात्री थे सवार

Flight Emergency Landing: खराब मौसम के चलते कोलकाता से पटना जा रही इंडिगो की एक उड़ान को शुक्रवार को लखनऊ हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी।

Image

इंडिगो की लखनऊ में आपातकालीन लैंडिंग (फाइल फोटो साभार)

Photo : PTI

Flight Emergency Landing: खराब मौसम के चलते कोलकाता से पटना जा रही इंडिगो की एक उड़ान को शुक्रवार को लखनऊ हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर पटना में अचानक मौसम खराब हो गया, जिससे उड़ान संचालन प्रभावित हुआ। कोलकाता से आ रही इंडिगो की एक उड़ान को दोपहर 3:50 बजे पटना में उतरना था, लेकिन खराब मौसम और वायु यातायात नियंत्रक (ATC) से अनुमति न मिलने के कारण विमान हवा में चक्कर लगाता रहा।

लखनऊ की ओर मोड़ा गया विमान

बाद में विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया। विमान चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शाम करीब 5:15 बजे सुरक्षित उतर गया।

अधिकारियों ने बताया कि विमान में 180 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। मौसम में सुधार के बाद विमान को पटना के लिए रवाना होने की अनुमति दे दी गई।

पावर बैंक में लगी आग

इससे पहले, चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर 5 मई को खड़े इंडिगो के एक विमान में सवार एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने के बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। विमानन कंपनी की ओर से जारी एक बयान में कहा था, ''पांच मई 2026 को हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई108 जब हवाई अड्डे पर खड़ी थी, तब एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में आग लगने की घटना सामने आई।''

केबिन में दिखा धुआं

बयान के अनुसार, ''सुरक्षा के मद्देनज़र तुरंत निकासी कराई गई और संबंधित सभी अधिकारियों को फौरन सूचित किया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया है और टीम उनकी देखभाल कर रही है।'' सूत्र ने बताया कि विमान के उतरने के तुरंत बाद केबिन में सामान रखने वाली जगह से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!