शहर

लखनऊ एयरपोर्ट: रनवे पर बंदर दिखते ही रोकी गई इंडिगो की उड़ान, पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

IndiGo Flight Delay: लखनऊ एयरपोर्ट पर रनवे पर बंदर आने से इंडिगो की रायपुर जाने वाली फ्लाइट को टेकऑफ से पहले रोकना पड़ा। पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

Image

एयरपोर्ट पर कुछ देर के लिए रुका संचालन

Photo : PTI

IndiGo Flight Delay: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को एक अनोखी घटना देखने को मिली, जब रनवे पर बंदर आ जाने से एक फ्लाइट को उड़ान भरने से रोकना पड़ा। यह घटना उस समय हुई जब इंडिगो की लखनऊ (Lucknow Airport News) से रायपुर जाने वाली उड़ान टेकऑफ की तैयारी कर रही थी। जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E6521 में करीब 170 यात्री और चालक दल सवार थे।

पायलट ने तुरंत दिखाई सतर्कता

विमान को एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उड़ान की अनुमति मिल चुकी थी और उसने रनवे पर दौड़ना शुरू कर दिया था। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद पायलटों की नजर रनवे पर आए एक बंदर पर पड़ी। संभावित खतरे को देखते हुए पायलटों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए विमान को रोक दिया। उनकी इस सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

कुछ समय के लिए उड़ानों की आवाजाही रही प्रभावित

इसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से रनवे से हटाकर वापस एप्रन पर लाया गया। पूरी जांच के बाद यह सुनिश्चित किया गया कि विमान में कोई तकनीकी खराबी नहीं है। तय समय सुबह 8:55 बजे की जगह यह फ्लाइट करीब 10:04 बजे रायपुर के लिए रवाना हुई। इस घटना का असर हवाई अड्डे के अन्य संचालन पर भी पड़ा। कुछ समय के लिए उड़ानों की आवाजाही प्रभावित रही। एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को भी रनवे पर उतरने से पहले दो बार हवा में चक्कर लगाना पड़ा, क्योंकि रनवे पूरी तरह साफ नहीं था।

अधिकारियों के अनुसार, ऐसा पहली बार हुआ है जब किसी बंदर के रनवे पर आने से हवाई संचालन प्रभावित हुआ। माना जा रहा है कि यह बंदर पास के किसी बाग से एयरपोर्ट परिसर में घुस आया था। बाद में सुरक्षा टीम ने रनवे को पूरी तरह सुरक्षित और खाली कर दिया, तब जाकर उड़ानों का संचालन सामान्य हो सका। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि हवाई सुरक्षा में छोटी-सी चूक भी बड़ा खतरा बन सकती है, इसलिए हर स्थिति में सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article