शहर

क्या आप जानते हैं देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट कहां है, दिल्ली-मुंबई गलत जवाब

देश के तमाम छोटे-बड़े शहरों में हवाई अड्डे हैं और जहां नहीं हैं, वहां बन रहे हैं। मौजूदा दौर में देश में लगभग 487 हवाई अड्डे और हवाईपट्टियां हैंं। जब बात बड़े एयरपोर्ट्स की आती है तो दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु जैसे शहरों का नाम आता है। लेकिन देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट इन शहरों में नहीं है, बल्कि इनसे छोटे शहर में है।

Image

सबसे पहले इसी एयरपोर्ट पर ई-बोर्डिंग की सुविधा शुरू हुई (फोटो - GMR Hyderabad International Airport website)

हमारा देश भारत एक अद्भुत देश है। देश की ज्यादातर जनसंख्या ने कभी भी विमान की यात्रा नहीं की है या विमान करीब से देखा भी नहीं है। इसके बावजूद भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार है। देश की आबादी 1.4 अरब से ज्यादा है। इतनी बड़ी आबादी को सेवा देने के लिए भारत में लगभग 487 हवाई अड्डे और हवाईपट्टियां मौजूद हैं। जाहिर हैं, इतनी बड़ी जनसंख्या के लिए यह नाकाफी हैं। देश की आबादी का बहुत बड़ा हिस्सा हवाई जहाज से सफर नहीं करता, इसलिए व्यवस्था ठीक से चल पा रही है। देश में कई बड़े-बड़े हवाई अड्डे हैं। क्या आप जानते हैं कि देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा किस राज्य और शहर में है। चलिए जानते हैं -

देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा कहा हैं?

देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा देश की राजधानी दिल्ली या आर्थिक राजधानी मुंबई में नहीं है। न ही यह सिटी ऑफ जॉय कोलकाता में है और न ही चेन्नई और बेंगलुरू में है। बल्कि देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में है।

देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे का नाम क्या है?

हैदराबाद के शमशाबाद इलाके में मौजूद देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे का नाम राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (RGIA) है। इसे लोग हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से भी जानते हैं।

कितना बड़ा है हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट?

हैदराबाद एयरपोर्ट कुल 5500 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है। यहीं पर एशिया का सबसे लंबा रनवे भी है, जो 4260 मीटर लंबा है। इतने लंबे रनवे के चलते इस एयरपोर्ट पर एयरबस A380 जैसे बड़े विमानों को आसानी से लैंडिंग और टेकऑफ की सुविधा मिलती है।

हैदराबाद एयरपोर्ट की यात्री क्षमता कितनी है?

हैदराबाद एयरपोर्ट के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस एयरपोर्ट का एकीकृत यात्री टर्मिनल हर साल 3.4 करोड़ से ज्यादा यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। वित्त वर्ष 2022-23 में यहां से लगभग 2.10 करोड़ यात्रियों ने हवाई यात्रा की थी।

हैदराबाद एयरपोर्ट पर क्या सुविधाएं मिलती हैं?

हैदराबाद एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए 83 पार्किंग बे, 10 एरोब्रिज, 46 इमीग्रेशन काउंटर और 96 चेक-इन काउंटर मौजूद हैं। बता दें कि यह देश का पहला एयरपोर्ट था, जिसने यात्रियों के लिए ई-बोर्डिंग की सुविधा शुरू की थी। अपनी उड़ान का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए इस एयरपोर्ट पर मुफ्त वाई-फाई, बेबी केयर रूम, इमरजेंसी मेडिकल सर्विस, फार्मेसी, लगेज स्टोरेज और ड्यूटी-फ्री शॉपिंग जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।

हैदराबाद एयरपोर्ट दुनिया में चोटी के 10 हवाई अड्डों की लिस्ट 8वें नंबर पर आता है। अभी इसका विस्तार तेजी से किया जा रहा है। यहां पर नए टर्मिनल और रनवे का निर्माण किया जा रहा है। इनके निर्माण से एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री क्षमता बढ़कर 4.5 करोड़ तक पहुंच जाएगी। इसके अलावा इस एयरपोर्ट पर कार्गो टर्मिनल व मल्टीमॉडल ट्रांजिट फैसिलिटी बनाने की भी योजना है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article