Pre Monsoon in India: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और प्री मानसून गतिविधियां भी तेज होने लगी है। जिसके चलते उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत तक कई इलाकों में मौसम बिगड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 72 घंटों के लिए कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, असम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।
केरल में कब होगी मानसून की एंट्री
फिलहाल अंडमान सागर, अंडमान और निकोबार द्वीप और बंगाल की खाड़ी में ही मॉनसून की एंट्री हो चुकी है। मौसम विभाग का कहना है कि 26 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में दस्तक दे सकता है। इससे पहले देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून बारिश का प्रभाव नजर आने लगा है। जिसके चलते महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं यूपी में लू के प्रकोप के बीच मथुरा, आगरा, कानपुर, वाराणसी समेत कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। बिहार में भी गया, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया और कटिहार सहित कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ों से दक्षिण तक मौसम का कहर
पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 19 और 20 मई को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं झारखंड के रांची, धनबाद, जमशेदपुर और बोकारो समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण भारत में भी मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। यहां तमिलनाडु और केरल में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। केरल के कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है।
